नई दिल्ली: आज पहली बार भारत की यात्रा पर आ रहे प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन यहां क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति और परिवार का आनंद लेंगे। प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन भारत और भूटान की सात दिवसीय यात्रा पर आज मुंबई पहुंचेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच के मजबूत रिश्तों को और बेहतर बनाएगी।
इससे पहले ब्रिटिश उच्चायोग ने बताया था कि, 'भारत यात्रा के दौरान वे देश को जोड़ने वाले चार जुनून - क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति एवं परिवार - का अनुभव हासिल करेंगे।' प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ताजमहल देखने भी जाएंगे।
शाही दंपति की यात्रा का ब्योरा देते हुए उच्चायोग ने कहा था कि रविवार को वे ओवल मैदान जाकर मुंबई की तीन परमार्थ संस्थाओं - मैजिक बस, डोरस्टेप और इंडियाज चाइल्डलाइन - के लाभार्थियों एवं प्रतिनिधियों के बीच होने वाले क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाएंगे।
रविवार शाम वे कारोबार और बॉलीवुड की कुछ जानी-मानी हस्तियों के साथ रात्रिभोज करेंगे और मुंबई के फिल्म एवं रचनात्मक उद्योग के बारे में जानेंगे। सोमवार को वे नई दिल्ली आएंगे, जहां वे भारत के सैन्य योगदानों को सम्मान व्यक्त करेंगे एवं महात्मा गांधी को याद करेंगे।
शाही दंपति असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की भी सैर करेंगे, जहां वे ग्रामीण लोगों की जिंदगी में संरक्षण की भूमिका के बारे में जानेंगे। इसके बाद वे भूटान की यात्रा पर चले जाएंगे।