नई दिल्ली: हरियाणा में जाट आरक्षण आंदोलन की वजह से दिल्ली में गहराते जलसंकट पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बचाता कि, सेना ने मुनक नहर को अपने कब्जे में कर लिया है। अगले ट्वीट में उन्होंने कहा कि वे मामले की आगे की जानकारी देते रहेंगे।
दिल्ली के 9 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में से 7 में पानी ख़त्म हो चुका है। पानी की आपूर्ति बंद हो जाने के कारण भारी जल संकट पैदा हो गया। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने पानी की राशनिंग करने और आज सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से हरियाणा की मुनक नहर से तुरंत जलापूर्ति शुरू कराने का आग्रह किया कि 'दिल्ली में बिल्कुल पानी नहीं है।' केजरीवाल ने एक ट्वीट में लिखा, "हमारे पास कतई पानी नहीं है। मैं केंद्र से हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करे और हरियाणा की मुनक नहर से जलापूर्ति शुरू कराए।"
आंदोलनकारियों ने मुनक नहर को बंद कर दिया था जिसकी वजह से दिल्ली को पानी सप्लाई रुक गई थी।