1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल हाउस: 45 मिनट में ही खत्म हो गई भैंसे के मांस से बनी डिश

केरल हाउस: 45 मिनट में ही खत्म हो गई भैंसे के मांस से बनी डिश

 Written By: India TV News Desk
 Published : Oct 29, 2015 08:40 am IST,  Updated : Oct 29, 2015 10:40 am IST

नई दिल्ली: ‘बीफ’ पर मचे विवाद के बीच केरल हाउस की कैंटीन के मेन्यू में बुधवार को दोबारा यह डिश शामिल हो गई। हालांकि, इस बार मलयाली भाषा की जगह इसमें अंग्रेजी में बफेलो डिश

45 मिनट में ही खत्म हो गई...- India TV Hindi
45 मिनट में ही खत्म हो गई भैंसे के मांस से बनी डिश

नई दिल्ली: ‘बीफ’ पर मचे विवाद के बीच केरल हाउस की कैंटीन के मेन्यू में बुधवार को दोबारा यह डिश शामिल हो गई। हालांकि, इस बार मलयाली भाषा की जगह इसमें अंग्रेजी में बफेलो डिश लिखा गया है। केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी के दखल के बाद नया मेन्यू तैयार किया गया।

खास बात यह कि बुधवार को कैंटीन में आने वाले ज्यादातर मांसाहारी लोगों ने बीफ की मांग की। जिससे 45 मिनट में ही डिश कैंटीन से खत्म हो गई। इसके बाद लोगों को चिकन या फिश करी जैसे नॉनवेज व्यंजनों से ही संतुष्ट होना पड़ा।

दिल्ली पुलिस के केरल हाउस परिसर में घुसने के बाद इसकी कैंटीन की व्यंजन सूची से संक्षिप्त अवधि के लिए भैंस का मांस हटा दिया गया था। पर यह फिर से वापस आ गया है।  

केरल हाउस के कर्मचारियों द्वारा संचालित समद्धि रेस्तरां में भैंस के मांस से बने व्यंजन वहां की व्यंजन सूची में फिर से शामिल किए जाने के 45 मिनट के अंदर परोसे जाने लगे। एक कर्मचारी ने बताया, हमारा तैयार किया गया व्यंजन भोजन के समय में सिर्फ 150 लोगों के लिए हैं।

हिंदू सेना के प्रमुख पुलिस हिरासत में

उधर, राष्ट्रीय राजधानी में राज्य संचालित गेस्ट हाउस की कैंटीन में गोमांस परोसे जाने की कथित तौर पर झूठी शिकायत किए जाने को लेकर हिंदू सेना के प्रमुख विष्णु गुप्ता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है।  

कानूनी कार्रवाई करने की धमकी

मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने तिरुवनंतपुरम में बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, राज्य संचालित गेस्ट हाउस में राज्य के अधिकारियों की इजाजत के बगैर की गई छापेमारी ने शिष्टाचार की सारी सीमाएं पार कर दी, कानून का उल्लंघन किया और केंद्र-राज्य संबंधों को भी प्रभावित किया।  

चांडी ने कहा कि दिल्ली पुलिस का कथन राज्य के लिए स्वीकार्य नहीं है और हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह को इस मुद्दे पर लिखे पत्र के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। इस विषय पर दिल्ली पुलिस के अपनाए गए रुख से केंद्र के जवाब के अनुरूप होने पर केरल कानूनी कार्रवाई करेगा।  

आम आदमी पार्टी पर बीफ मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप

इस बीच विश्व हिंदू परिषद ने आम आदमी पार्टी पर केरल भवन के बीफ मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में आप का रुख बहुत खतरनाक है और पार्टी अपनी गंदी राजनीति से देश का माहौल बिगाड़ रही है।  

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा था कि सरकार के अधीन संचालित केरल भवन में गोमांस परोसे जाने की शिकायत पर दिल्ली पुलिस का वहां प्रवेश करना संघीय ढांचे पर हमला है। भाजपा ने इस आरोप को खारिज कर दिया था।  

विश्व हिंदू परिषद केरल में अतिथिगृहों के मेन्यू में बीफ रखने के खिलाफ नहीं

उधर, केरल भवन में गोमांस परोसे जाने को लेकर उठे विवाद की आलोचना करते हुए विश्व हिंदू परिषद ने कोच्चि में कहा कि संघ परिवार संगठन केरल में राज्य सरकार के अतिथिगृहों या होटलों के मेन्यू में बीफ (भैंस का मांस) रखने के खिलाफ नहीं है।  

केरल हाउस में दिल्ली पुलिस के कथित छापे पर विवाद के एक दिन बाद विहिप की केरल इकाई के अध्यक्ष एसजेआर कुमार ने भोजन के तौर-तरीकों समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर लोगों पर अपनी बात थोपने के लिए हिंदू सेना और रामसेना जैसे संगठनों पर नरेंद्र मोदी सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत