तिरुवनंतपुरम: केरल में रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 18,582 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 36.69 लाख हो गई। कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा नए मामले मलाप्पुरम में सामने आए, जबकि त्रिशूर, कोझिकोड और एर्नाकुलम में भी 2 हजार से ज्यादा नए संक्रमित मिले। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, रविवार को वायरस से संक्रमण के चलते 102 और मरीजों की मौत हो गई, जिससे इस बीमारी के कारण अपनी जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 18,601 पर पहुंच गई।
Related Stories
20,829 मरीजों ने दी संक्रमण को मात
राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा रविवार को जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, केरल में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 20,829 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 34,92,367 हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,78,630 हो गई है। केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 1,22,970 सैम्पल्स की कोविड-19 जांच की गई है। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की दर 15.11 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में बताया गया है कि केरल में अब तक 2,94,57,951 नमूनों की कोविड-19 जांच की जा चुकी है।
सबसे ज्यादा 2681 नए मामले मलाप्पुरम में
विज्ञप्ति के मुताबिक, कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे ज्यादा 2681 नए मामले मलाप्पुरम में सामने आए हैं। इसके बाद त्रिशूर में 2423, कोझिकोड में 2368, एर्नाकुलम में 2161, पलक्कड में 1771, कन्नूर में 1257, कोल्लम में 1093, अलाप्पुझा में 941, कोट्टयम में 929 और तिरुवनंतपुरम में 927 नये संक्रमित पाए गए हैं। केरल के विभिन्न जिलों में फिलहाल 4,99,031 लोगों को निगरानी में रखा गया है। इनमें से 4,71,395 लोगों को घरों अथवा सरकारी केन्द्रों में पृथकवास में रखा गया है और 27,636 लोग अस्पतालों में हैं।