नई दिल्ली: पेट में दर्द से परेशान महिला जब डॉक्टर के पास चेकअप के लिए गई तो जांच से पता लगा कि महिला के पेट से दांयी किडनी गायब है। यह देख डॉक्टर भी हैरान रह गए, आखिर वह किडनी गई तो कहां गई। एहतियाती तौर पर महिला के सीने का एक्सरे कराया गया तो इस कुदरती अजूबे का पता चला।
दरअसल, पीड़ित महिला ओमवती की एक किडनी 45 साल से सीने में काम करती आ रही है। किडनी सामान्य तरीके से ब्लड को फिल्टर करती रही। कुदरत के इस करिश्मे से ओमवती और उसके घर वाले अनभिज्ञ थे। जबकि बांयी किडनी अपने स्थान पर है। फिलहाल महिला स्वस्थ है।
सीने में किडनी होने की बात सामने आने पर डाक्टर ने मरीज का डाप्लर टेस्ट कराया। मरीज की खून की जांच में यूरिया सही मिला। डाक्टर के मुताबिक मरीज के आपरेशन की जरूरत नहीं है। मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के गांव मछरिया निवासी कुंवर पाल सिंह की पत्नी ओमवती (45) के पेट में करीब महीनेभर से दर्द की शिकायत थी।
डाक्टर ने दर्द का पता लगाने के लिए अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। जिसपर सोमवार को ओमवती अपने दामाद अखिलेश कुमार के साथ शहर के कुमार डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंची।
डा. विनय कुमार ने कहा कि ये एक अनोखा केस है। इसे मेडिकल टर्मलाजी में ट्रांस डायफ्रागमेटिक थोरेसिक इक्टोपिक किडनी कहा जाता है। ऐसा रेयरेस्ट होता है। यह पैदाइशी असामान्यता है। मरीज के सीने के पास मिली किडनी का आकार सामान्य है। यह नार्मल तरीके से काम कर रही है।