1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'जरूरत पड़ने पर लॉकडाउन लगाया जा सकता है'

'जरूरत पड़ने पर लॉकडाउन लगाया जा सकता है'

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 12, 2021 02:31 pm IST,  Updated : Apr 12, 2021 02:31 pm IST

येदियुरप्पा ने जोर दिया कि लोगों को मास्क अवश्य पहनना चाहिए और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने के साथ ही सैनिटाइजर का उपयोग करना चाहिए।

lockdown can be imposed in karnataka says yediurappa 'जरूरत पड़ने पर लॉकडाउन लगाया जा सकता है'- India TV Hindi
Representational Image Image Source : PTI

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने सोमवार को कहा कि अगर जरूरत पड़ती है तो लॉकडाउन लगाया जा सकता है। येदियुरप्पा ने बीदर में संवाददाताओं से कहा, ''लोगों को सोचना होगा, खुद अपनी भलाई की खातिर। वे सावधानी नहीं बरतते हैं तो हमें कठोर उपाय करने होंगे। अगर जरूरत पड़ी तो हम लॉकडाउन लागू करेंगे।''

राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी राज्य सरकार द्वारा किए गए उपायों को लेकर उनसे चर्चा की थी। उन्होंने कहा, ''मैंने प्रधानमंत्री से कहा कि हमने ऐसे जिलों में रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू किया है जहां संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।''

येदियुरप्पा ने जोर दिया कि लोगों को मास्क अवश्य पहनना चाहिए और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने के साथ ही सैनिटाइजर का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा, ''लोगों को स्वयं भी सावधानी बरतनी चाहिए। अगर वे सहयोग नहीं करते हैं तो हम सख्त उपाय करेंगे। मैं चाहता हूं कि जनता हमारे साथ सहयोग करे।''

इस बीच, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के सुधाकर ने बेंगलुरु में कहा कि सरकार लॉकडाउन लागू करने की इच्छुक नहीं है और लोगों से सहयोग की अपेक्षा रखती है। उन्होंने कहा कि यदि लोग सहयोग करें तो कोरोना वायरस की दूसरी लहर को हराया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि तकनीकी परामर्श समिति की ओर से लॉकडाउन की सिफारिश किए जाने की खबरों के बाद इसे लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत