1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मध्य प्रदेश: लुटेरों ने ATM को विस्फोटकों से उड़ाया, 22 लाख रुपये से अधिक चुराये

मध्य प्रदेश: लुटेरों ने ATM को विस्फोटकों से उड़ाया, 22 लाख रुपये से अधिक चुराये

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 19, 2020 06:44 pm IST,  Updated : Jul 19, 2020 06:44 pm IST

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में दो लुटेरों ने रविवार तड़के एक एटीएम को कथित रूप से विस्फोटक से उड़ाने के बाद उसमें रखे 22 लाख रुपये से अधिक चुरा लिए।

मध्य प्रदेश: लुटेरों...- India TV Hindi
मध्य प्रदेश: लुटेरों ने ATM को विस्फोटकों से उड़ाया, 22 लाख रुपये से अधिक चुराये Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

पन्ना (मध्यप्रदेश): मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में दो लुटेरों ने रविवार तड़के एक एटीएम को कथित रूप से विस्फोटक से उड़ाने के बाद उसमें रखे 22 लाख रुपये से अधिक चुरा लिए। पुलिस ने कहा कि इन दोनों लुटेरों ने एटीएम के गार्ड को पिस्तौल दिखाकर इस लूट को अंजाम दिया। यह घटना पन्ना जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर सिमरिया कस्बे में एक राष्ट्रीयकृत बैंक की एटीएम में हुई।

पन्ना जिले के पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज तड़के करीब दो बजे दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार लोगों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को विस्फोटक का इस्तेमाल कर तोड़ दिया।’’ उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारियों के मुताबिक एटीएम में 22 लाख से 23 लाख रुपये तक थे, जिसे लुटेरे चुरा कर ले गए। अवस्थी ने कहा, ‘‘हमने लुटेरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।’’

एटीएम के गार्ड सुखेंद्र चौधरी ने पत्रकारों को बताया, ‘‘रात करीब दो बजे काले रंग की मोटरसाइकिल पर पहुंचे दो व्यक्तियों ने मुझे धक्का दिया और उनमें से एक ने मेरे सीने में पिस्तौल तान दी। बाद में उन्होंने एटीएम मशीन को विस्फोटक से उड़ाया और उसमें रखे पैसे लेकर चंपत हो गए।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत