मुंबई: अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की भारत वापसी से पहले महाराष्ट्र सरकार ने आज उससे संबंधित सभी मामले सीबीआई को सौंप दिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव केपी बख्शी ने आनन फानन में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 55 वर्षीय राजन से संबंधित मामले सीबीआई को कई देशों से जुड़े अपराधों से निपटने में इसकी विशेषग्यता के चलते सौंपे जा रहे हैं।
इंडोनेशिया ने छोटा राजन को भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया है। सूत्रों का कहना है कि 27 साल पहले देश से भागे राजन का केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ कोई समझौता हुआ है जिसके तहत उसके खिलाफ सभी मामलों को महाराष्ट्र पुलिस से बाहर देखा जाएगा तथा वह राज्य से बाहर बंद रहेगा। हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक शब्द नहीं कहा गया है।
मुंबई पुलिस ने राजन के खिलाफ करीब 70 मामले दर्ज कर रखे हैं। इनमें हत्या के 20, चार मामले आतंकवादी एवं विध्वंसकारी गतिविधियां (रोकथाम) कानून के तहत, एक मामला आतंकवाद रोकथाम कानून के तहत और 20 से अधिक मामले मकोका के तहत दर्ज हैं।
दिल्ली पुलिस ने राजन के खिलाफ छह मामले दर्ज किए हैं जो कभी भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम का करीबी सहयोगी हुआ करता था, लेकिन मुंबई बम धमाकों की साजिश से पहले वह उससे अलग हो गया था ।