1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पी चिदंबरम की गिरफ्तारी के तरीके से दुखी हैं ममता बनर्जी, कहा- ‘‘बहुत निराशाजनक है’’

पी चिदंबरम की गिरफ्तारी के तरीके से दुखी हैं ममता बनर्जी, कहा- ‘‘बहुत निराशाजनक है’’

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 22, 2019 07:09 pm IST,  Updated : Aug 22, 2019 07:09 pm IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम को गिरफ्तार किए जाने के तरीके को “अत्याधिक निराशाजनक” बताया।

Mamata Banerjee- India TV Hindi
Mamata Banerjee Image Source : PTI

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम को गिरफ्तार किए जाने के तरीके को “अत्याधिक निराशाजनक” बताया। साथ ही आरोप लगाया कि न्यायपालिका, ‘गुहार लगा रही’ लोकतांत्रिक व्यवस्था की मदद के लिए सामने नहीं आ रही। आईएनएक्स मीडिया मामले में सीबीआई की तरफ से बुधवार शाम को हुई चिदंबरम की गिरफ्तारी के बाद बृहस्पतिवार को अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने रविंद्रनाथ टैगोर का हवाला दिया और कहा, “न्याय का संदेश वीराने में खामोशी से सिसकियां ले रहा है।” 

उन्होंने आरोप लगाया कि “देश में लोकतंत्र पूरी तरह गायब है जबकि मीडिया भाजपा नीत केंद्र सरकार की प्रवक्ता बन गई है।” बनर्जी ने पूर्वी मिदनापुर जिले के दीघा से रवाना होने के दौरान संवाददाताओं से कहा, “मैं बस एक बात कहना चाहती हूं। मेरा मानना है कि कई बार प्रक्रिया गलत होती है। मैं मामले की वैधता के बारे में बात नहीं कर रही हूं लेकिन वह (चिदंबरम) इस देश के वरिष्ठ नेता, पूर्व गृह एवं वित्त मंत्री हैं। उनका मामला जिस तरीके से निपटाया गया वह बहुत निराशाजनक, बहुत दुखद और बुरा है।” 

उन्होंने कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय लोकतंत्र विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और प्रेस के चार स्तभों पर टिका हुआ है। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “हम हमारे देश में लोकतंत्र को गुम पा रहे हैं। वह गुहार लगा रहा है। मैं न्यायपालिका पर कोई टिप्पणी नहीं करुंगी। लेकिन, मीडिया भाजपा का प्रवक्ता बन गया है। वे (भाजपा) जो कुछ कह रहे हैं, चैनल दिखा रहे हैं। यहां तक कि वे (भाजपा) चैनलों को वीडियो भेज रहे हैं और उनसे उनके चैनल पर दिखाने को कह रहे हैं।”

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत