इंफाल: मणिपुर में व्यापक आगजनी की गई है। राज्य सरकार के एक मंत्री, एक सांसद और पांच विधायकों के मकानों को चूड़ाचंदपुर जिले में अज्ञात लोगों ने संभवत: विधानसभा में कुछ विधेयक पारित किए जाने को लेकर आग के हवाले कर दिया जिसके चलते शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा है।
आगजनी की इस घटना में कुल सात मकानों को आग के हवाले किया गया। मणिपुर के मूल निवासियों के संरक्षण को लेकर तीन विधेयक विधानसभा में पारित किए जाने के कुछ घंटों बाद यह घटना हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाहरी मणिपुर थांगसो बेत के सांसद, राज्य के परिवार कल्याण मंत्री फुंगजांगफांग तोनसीम और हेंगलेप विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगा वेफई और थानलोम के वुनगजागीन सहित पांच विधायकों के मकान फूंक दिए गए।
उन्होंने बताया कि हालात को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने चूड़ाचंदपुर शहर में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है।
अधिकारी ने बताया कि एक मकान में आगजनी की कोशिश करने के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बाद एक हमलावर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि मणिपुर विधानसभा में कुछ विधेयकों को पारित करने के खिलाफ पर्वतीय जिलों में प्रदर्शन को लेकर तीन आदिवासी छात्र संगठनों ने 12 घंटे के बंद का आह्वान किया था।