1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव टीएमसी दफ्तर में फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव टीएमसी दफ्तर में फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Aug 16, 2026 08:48 am IST,  Updated : Aug 16, 2026 10:16 am IST

बीरभूम स्थित टीएमसी दफ्तर में पार्टी के पूर्व विधायक और विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आशीष बनर्जी, पूर्व...- India TV Hindi
आशीष बनर्जी, पूर्व डिप्टी स्पीकर पश्चिम बंगाल विधानसभा Image Source : X/ @DRASISHBANERJE1

बीरभूम: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का शव बीरभूम स्थित टीएमसी दफ्तर में फंदे से लटका हुआ मिला है। आशीष बनर्जी की मौत की खबर मिलते ही हड़कंप मच गया है। पार्टी दफ्तर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बीरभूम जिले के रामपुरहाट शहर में उनके घर के बगल में ही टीएमसी का दफ्तर है, जहां फंदे से लटका उनका शव मिला। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

रामपुर हाट से लगातार पांच बार एमएलए रहे

74 साल के बनर्जी TMC के सीनियर नेता थे। आशीष बनर्जी ने रामपुर हाट से 2001 से 2021 तक लगातार पांच बार जीत हासिल की थी। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार ध्रुबा साहा से करीब 24,000 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया (ECI) के मुताबिक, आशीष बनर्जी को 87,687 वोट मिले, जबकि साहा को 1,11,920 वोट मिले और वह रामपुरहाट सीट से जीते। आशीष बनर्जी रामपुरहाट के हट्टालापारा मोहल्ले में रहते थे। पार्टी दफ्तर में  शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 

13वें डिप्टी स्पीकर के तौर पर काम किया

आशीष बनर्जी ने जुलाई 2021 से मई 2026 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा में 13वें डिप्टी स्पीकर के तौर पर काम किया। रामपुरहाट में जन्मे बनर्जी ने बर्दवान यूनिवर्सिटी से PhD की थी और रामपुरहाट कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर के तौर पर भी काम किया था।

सूत्रों ने बताया कि रामपुरहाट में बनर्जी के आवास के पास स्थित पार्टी कार्यालय से एक कथित 'सुसाइड नोट' भी बरामद हुआ है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। 

ज़िला कोर कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफ़ा 

आशीष बनर्जी ने जून में तृणमूल की बीरभूम ज़िला कोर कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, हालांकि उन्होंने घोषणा की थी कि वह पार्टी के आम सदस्य बने रहेंगे। बता दें कि BJP ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में बीरभूम की 11 में से छह सीटें जीतीं। जबकि 2021 में तृणमूल ने बीरभूम ज़िले में BJP की एक सीट के मुकाबले 10 सीटें जीती थी।

ये भी पढ़ें:

'विकसित बंगाल से ही बनेगा विकसित भारत', 2047 के लक्ष्य को लेकर सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कही बड़ी बात

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।