1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चीन ने घुसपैठ नहीं, अतिक्रमण किया है: रक्षा मंत्री

चीन ने घुसपैठ नहीं, अतिक्रमण किया है: रक्षा मंत्री

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 29, 2016 10:23 pm IST,  Updated : Apr 29, 2016 10:23 pm IST

भारतीय क्षेत्र में चीन ने कोई घुसपैठ नहीं की है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने लोकसभा में शुक्रवार को यह जानकारी दी।

Manohar Parrikar- India TV Hindi
Manohar Parrikar

नई दिल्ली: भारतीय क्षेत्र में चीन ने कोई घुसपैठ नहीं की है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने लोकसभा में शुक्रवार को यह जानकारी दी। अपने लिखित जवाब में रक्षा मंत्री ने कहा कि वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की धारणा में अंतर के कारण अक्सर अतिक्रमण होता रहता है।

पर्रिकर ने कहा, "भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा सामान्य तौर पर निर्धारित नहीं है। लद्दाख समेत सीमा के कई इलाके हैं जहां भारत और चीन के बीच एलएसी को लेकर मतभेद है। ऐसे में दोनों ही पक्ष अपनी धारणा के मुताबिक एलएसी तक गश्त करते हैं और अतिक्रमण होता रहता है।"

रक्षा मंत्री ने ये बातें एक सवाल के जवाब के दौरान कहीं। इसमें पूछा गया था कि क्या सरकार पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ और चीनी सैनिकों द्वारा आकस्मिक घुसपैठ और अतिक्रमण तथा पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में चीन द्वारा चलाई जा रही निर्माण गतिविधियों का संज्ञान ले रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार चीनी पक्ष के साथ एलएसी के अतिक्रमण का मुद्दा स्थापित तंत्र के माध्यम से अक्सर उठाती है।पर्रिकर ने कहा कि इस साल 31 मार्च तक आतंकियों द्वारा देश में घुसपैठ की 24 कोशिश हुईं। इनमें से 18 में वे कामयाब रहे।

उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ के मामले को पाकिस्तानी सेना के समक्ष उठाया जाता रहा है। पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर में चीन की निर्माण गतिविधियों के बारे में कहा कि सरकार ने इस संबंध में चीन को अपनी चिंता से अवगत करा दिया है और उससे इन निर्माणों को रोकने के लिए कहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत