1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दंतेवाड़ा में माओवादियों ने की तोड़फोड़, मालगाड़ी के 3 इंजन और 18 डिब्बे पटरी से उतरे

दंतेवाड़ा में माओवादियों ने की तोड़फोड़, मालगाड़ी के 3 इंजन और 18 डिब्बे पटरी से उतरे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 27, 2021 03:50 pm IST,  Updated : Nov 27, 2021 03:50 pm IST

पल्लव ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि लौह अयस्क से लदी ट्रेन बचेली से विशाखापत्तनम के लिए रवाना हुई थी।

Maoists, Maoists Sabotage Rail Track, Maoists Derail Train- India TV Hindi
छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में किरंदुल-विशाखापत्तनम रेल मार्ग पर माओवादियों ने पटरियों को उखाड़ दिया। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

Highlights

  • माओवादियों की इस हरकत के चलते जगदलपुर और किरंदुल के बीच ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई है।
  • माओवादियों ने शुक्रवार रात जिले के भांसी और कामालूर रेलवे स्टेशनों के मध्य पटरियों को उखाड़ दिया।
  • बैनर में माओवादियों ने गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) में हुई मुठभेड़ की घटना का विरोध किया है।

दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में किरंदुल-विशाखापत्तनम रेल मार्ग पर माओवादियों ने पटरियों को उखाड़ दिया है, जिससे इस घटना में एक मालगाड़ी के 3 इंजन और 18 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में किसी के भी हताहत होने की जानकारी नहीं है। हालांकि माओवादियों की इस हरकत के चलते जगदलपुर और किरंदुल के बीच ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई है।

शुक्रवार की रात पटरी से उतरे ट्रेन के 3 इंजन

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने शनिवार को बताया कि माओवादियों ने शुक्रवार रात जिले के भांसी और कामालूर रेलवे स्टेशनों के मध्य पटरियों को उखाड़ दिया है, जिससे मालगाड़ी के 3 इंजन और 18 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। पल्लव ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि लौह अयस्क से लदी ट्रेन बचेली से विशाखापत्तनम के लिए रवाना हुई थी। जब वह भांसी और कामालूर रेलवे स्टेशनों के मध्य पहुंची तब शुक्रवार रात करीब 8.30 बजे उसके तीन इंजन और 18 डिब्बे पटरी से उतर गए।

‘घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों और रेल विभाग के अधिकारी घटनास्थल पहुंच गए थे। पटरियों की मरम्मत का कार्य शुरू किया जा रहा है। इस मार्ग पर रेल सेवा बहाल होने में कुछ समय लग सकता है। जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माओवादियों के भैरमगढ़ एरिया कमेटी ने पटरी से उतरे ट्रेन के डिब्बों पर बैनर लगाया है।

एनकाउंटर के विरोध में नक्सलियों ने किया बंद का आह्वान
अधिकारी ने बताया कि बैनर में माओवादियों ने गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) में हुई मुठभेड़ की घटना का विरोध किया है तथा शनिवार को एक दिन के बंद का आह्वान किया है। गढ़चिरौली जिले के मरदनटोला गांव के जंगल में सुरक्षाबलों ने इस महीने की 13 तारीख को मुठभेड़ में माओवादी नेता मिलिंद तेलतुंबड़े समेत 26 नक्सलियों को मार गिराया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत