1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान से लौटी गीता के विवाह की तैयारी, 10 दिन के भीतर आए 20 रिश्ते

पाकिस्तान से लौटी गीता के विवाह की तैयारी, 10 दिन के भीतर आए 20 रिश्ते

 Reported By: Bhasha
 Published : Apr 19, 2018 06:42 pm IST,  Updated : Apr 19, 2018 06:42 pm IST

बहुचर्चित घटनाक्रम के दौरान पाकिस्तान से वर्ष 2015 में भारत लौटने वाली मूक-बधिर युवती गीता के परिवार का अब तक पता नहीं चल सका है...

Geeta | PTI- India TV Hindi
Geeta | PTI

इंदौर: बहुचर्चित घटनाक्रम के दौरान पाकिस्तान से वर्ष 2015 में भारत लौटने वाली मूक-बधिर युवती गीता के परिवार का अब तक पता नहीं चल सका है। इस बीच, उनके लिए योग्य वर की तलाश तेज हो गई है। फेसबुक पर एक गैर सरकारी संगठन द्वारा वैवाहिक विज्ञापन पोस्ट किए जाने के 10 दिन के भीतर लगभग 20 लोगों ने गीता के साथ 7 फेरे लेने की इच्छा जताई है। मूक-बधिर समुदाय के अधिकारों के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता ज्ञानेंद्र पुरोहित ने बताया कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से कुछ दिन पहले मुलाकात के बाद उन्होंने गीता के लिए योग्य वर की तलाश के मकसद से फेसबुक पर वैवाहिक विज्ञापन पोस्ट किया है। यह विज्ञापन ‘रीयूनाइट गीता, ए डेफ गर्ल, विद फैमिली’ नाम के पुराने फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस ऑनलाइन विज्ञापन के आधार पर अब तक लगभग 20 लोगों ने बाकायदा अपने बायोडेटा के साथ गीता से शादी का प्रस्ताव भेजा है, जिनमें मंदिर का पुजारी और लेखक शामिल हैं। इनमें 8 युवक सामान्य हैं यानी वे गीता की तरह विशेष जरूरतों वाले नहीं हैं। पुरोहित ने बताया कि गीता से विवाह के इच्छुक लोगों की जानकारी उचित छानबीन के बाद विदेश मंत्रालय भेजी जा रही है। फेसबुक पेज पर 10 अप्रैल को पोस्ट वैवाहिक इश्तेहार में गीता को ‘भारत की बेटी’ के रूप में संबोधित किया गया है। इसमें कहा गया है कि इस युवती के लिए 25 साल से ज्यादा उम्र के मूक-बधिर वर की जरूरत है जो नेक और स्मार्ट हो। इश्तेहार में स्पष्ट किया गया है कि गीता अपने लिए स्वेच्छा से वर चुनेगी। इसके बाद भारत सरकार इस सिलसिले में उचित कदम उठाएगी।

गीता, मध्य प्रदेश सरकार के सामाजिक न्याय और नि:शक्त कल्याण विभाग की देख-रेख में इंदौर की गैर सरकारी संस्था ‘मूक-बधिर संगठन’ के गुमाश्ता नगर स्थित आवासीय परिसर में रह रही है। सरकार उसके माता-पिता की खोज में जुटी है। पिछले 2.5 साल के दौरान देश के अलग-अलग इलाकों के 10 से ज्यादा परिवार गीता को अपनी लापता बेटी बता चुके हैं, लेकिन सरकार की जांच में इनमें से किसी भी परिवार का इस मूक-बधिर युवती पर वल्दियत का दावा फिलहाल साबित नहीं हो सका है। गीता 7-8 साल की उम्र में पाकिस्तानी रेंजर्स को समझौता एक्सप्रेस में लाहौर रेलवे स्टेशन पर मिली थी। गलती से सरहद पार पहुंचने वाली यह मूक-बधिर लड़की को भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के विशेष प्रयासों के कारण गीता 26 अक्टूबर 2015 को स्वदेश लौटी थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत