नई दिल्ली: भाजपा ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता इसकी सबसे बड़ी मजबूती है और कांग्रेस पर पीईडब्ल्यू सर्वेक्षण को लेकर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की तुलना में मोदी ज्यादा लोकप्रिय हैं और विपक्षी दल के समर्थकों के बीच भी वह ज्यादा लोकप्रिय हैं। पार्टी प्रवक्ता एम. जे. अकबर ने कहा कि सर्वेक्षण का सबसे रोचक पहलू है कि मोदी की लोकप्रियता में 87 फीसदी का इजाफा हुआ है और प्रधानमंत्री कांग्रेस समर्थकों के बीच भी कांग्रेस उपाध्यक्ष से ज्यादा लोकप्रिय हैं। अकबर ने संवाददाताओं से कहा, यह दिखाता है कि कांग्रेस के समर्थक और मतदाता भी वंशवाद से भाग रहे हैं और वे मोदी के विकास के एजेंडा से जुड़ रहे हैं। आपको इसका साक्ष्य बिहार चुनावों में दिखेगा।
उन्होंने कहा, मोदी की लोकप्रियता भाजपा की सबसे बड़ी मजबूती है। उन्होंने मीडिया की इन खबरों की भी आलोचना की कि हाल में मोदी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी से मुलाकात की थी और इसे पूरी तरह भ्रामक और घातक झूठ करार दिया। अकबर ने कहा कि यह खबर सबसे खराब पीत पत्रकारिता का उदाहरण है और भाजपा अखबार के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर कर क्षतिपूर्ति की मांग करेगी। उन्होंने आरोप लगाए कि यह खबर राजनीतिक एजेंडा को आगे बढ़ाने के षड्यंत्र का हिस्सा है। ओवैसी की पार्टी ने बिहार के सीमांचल इलाके में अपने उम्मीदवार उतारे हैं जहां बड़ी संख्या में मुसलमान हैं। जद यू...राजद...कांग्रेस महागठबंधन के कुछ नेताओं ने आरोप लगाए हैं कि विधानसभा चुनावों में मुस्लिम वोटों को बांटकर ओवैसी भाजपा की मदद कर रहे हैं।
बहरहाल यह पूछने पर कि क्या केंद्र सरकार द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े दस्तावेजों को सार्वजनिक किया जाएगा जैसा कि पश्चिम बंगाल की सरकार ने किया है तो उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री अंतिम निर्णय करेंगे।