1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: पैदल ही गुजरात से राजस्थान लौट रहे प्रवासी मजदूरों का छलका दर्द, पूछा- बिना कमाई के 21 दिन कैसे जिंदा रहें?

Coronavirus: पैदल ही गुजरात से राजस्थान लौट रहे प्रवासी मजदूरों का छलका दर्द, पूछा- बिना कमाई के 21 दिन कैसे जिंदा रहें?

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 25, 2020 07:46 pm IST,  Updated : Mar 25, 2020 07:46 pm IST

कोरोना वायरस फैलने के खतरे को देखते हुए 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन के बीच गुजरात में काम करने वाले राजस्थान के हजारों प्रवासी मजदूर परिवहन सेवा उपलब्ध न होने के कारण पैदल ही अपने घर को लौट रहे हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर

अहमदाबाद: कोरोना वायरस फैलने के खतरे को देखते हुए 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन के बीच गुजरात में काम करने वाले राजस्थान के हजारों प्रवासी मजदूर परिवहन सेवा उपलब्ध न होने के कारण पैदल ही अपने घर को लौट रहे हैं। गुजरात पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है कि वे यात्रा न करें। अहमदाबाद के एक कांग्रेस नेता ने राजस्थान सरकार से अनुरोध किया है कि गुजरात-राजस्थान सीमा के पास स्थित अरवल्ली जिले के शामलजी उपनगर में ऐसे मजदूरों के पहुंचने पर उनके लिए परिवहन का इंतजाम किया जाए। 

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के निवासी और अहमदाबाद में काम करने वाले राधेश्याम पटेल ने कहा कि बिना किसी कमाई के यहां रहने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा, “हम लोग यहां चाय की दुकानों या खानपान की रेहड़ी पर काम करते हैं। चूंकि सब कुछ बंद है इसलिए हमारे मालिकों ने हमसे कह दिया है कि हालात ठीक हो जाएं तब आना क्योंकि उनके पास हमें देने के लिए पैसे नहीं हैं। बस और अन्य माध्यम उपलब्ध नहीं हैं इसलिए हमने पैदल ही घर जाने का निश्चय किया है।” 

पटेल उस 50 सदस्यीय समूह का हिस्सा हैं, जिसने मंगलवार की रात पैदल यात्रा शुरू की थी। राजस्थान के उदयपुर जिले के रहने वाले मांगी लाल ने कहा, “मुझे वायरस के खतरे के बारे में पता है लेकिन हम असहाय हैं। बिना कमाई के हम तीन हफ्ते तक कैसे जिंदा रहेंगे? हमारे पास मकान मालिक को देने के लिए पैसे नहीं हैं। इससे अच्छा है कि हम अपने घर चले जाएं।” गांधीनगर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक मयंक सिंह चावड़ा ने कहा कि पुलिस मजदूरों को मानवीयता के नाते खाने के पैकेट और पानी उपलब्ध करवा रही है। 

उन्होंने कहा, “हम इन प्रवासी मजदूरों को राजस्थान वापस जाने से रोकने का भरसक प्रयत्न कर रहे हैं। इनके जाने से लॉकडाउन का उद्देश्य सफल नहीं होगा।” गुजरात प्रवासी मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक पंजाबी ने दावा किया कि केवल अहमदाबाद से पचास हजार से अधिक मजदूर पैदल ही राजस्थान स्थित अपने घर की ओर रवाना हो चुके हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत