1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोप में निर्दलीय पार्षद गिरफ्तार

बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोप में निर्दलीय पार्षद गिरफ्तार

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 02, 2019 04:25 pm IST,  Updated : Jul 02, 2019 04:25 pm IST

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में एक बालिका के साथ बैतूल नगरपालिका के निर्दलीय पार्षद राजेन्द्र सिंह चौहान उर्फ केंडू बाबा द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। 

rape- India TV Hindi
प्रतिकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में एक बालिका के साथ बैतूल नगरपालिका के निर्दलीय पार्षद राजेन्द्र सिंह चौहान उर्फ केंडू बाबा द्वारा कथित तौर पर दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी पार्षद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

बैतूल के गंज पुलिस थाने के सहायक उपनिरीक्षक जुगल किशोर ने मंगलवार को बताया कि जवाहर वार्ड के पार्षद केंडू बाबा (59) के खिलाफ 11 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गंज पुलिस थाने में रविवार को मामला दर्ज किया गया था। उसने एक साल तक कई बार इस बालिका के साथ उसी के घर में कथित तौर पर दुष्कर्म किया और इसके बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। केंडू बाबा को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि पीड़ित बालिका की मां की शिकायत पर केंडू बाबा के खिलाफ भादंवि की धारा 376 (एन), 376 (बलात्कार), 506 (धमकाना) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद रविवार की शाम को ही जिला अस्पताल में पीड़ित बालिका का मेडिकल कराया जबकि सोमवार को न्यायालय में न्यायाधीश के समक्ष बालिका के धारा 164 के तहत बयान कराये हैं।

किशोर ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस केंडू बाबा की तलाश में उसके घर गई लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस केंडू बाबा की पत्नी, पुत्र और भतीजे को पूछताछ के लिए थाने ले आई। इसी बीच सोमवार को केंडू बाबा ने स्वयं ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत