1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई-13 अगस्त के दौरान संभावित, सभी सांसदों को दोनों वैक्सीन डोज के लिए कहा गया

संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई-13 अगस्त के दौरान संभावित, सभी सांसदों को दोनों वैक्सीन डोज के लिए कहा गया

 Published : Jun 29, 2021 01:44 pm IST,  Updated : Jun 29, 2021 02:44 pm IST

सूत्रों के अनुसार सरकार की तरफ से सभी सांसदों को सत्र शुरू होने से पहले वैक्सीन की दोनों डोज लेने के लिए कहा गया है, हालांकि जानकारी यह भी है कि अधिकतर सांसद वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं

संसद का मानसून सत्र 19...- India TV Hindi
संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू हो सकता है Image Source : PTI FILE

नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू हो सकता है, इंडिया टीवी को सूत्रों से यह जानकारी मिली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मानसून सत्र 13 अगस्त तक चल सकता है। सूत्रों का यह भी कहना है कि संसदीय मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCPA) को संसद सत्र को लेकर यही जानकारी भेजी गयी है, यानि पूरी संभावना है कि मानसून सत्र 19 जुलाई से 13 अगस्त के बीच चलेगा। 

सूत्रों के अनुसार सरकार की तरफ से सभी सांसदों को सत्र शुरू होने से पहले वैक्सीन की दोनों डोज लेने के लिए कहा गया है, हालांकि जानकारी यह भी है कि अधिकतर सांसद वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके हैं लेकिन फिर भी सरकार कोरोना प्रोटोकॉल को लेकर कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है और इसलिए सांसदों को समय रहते दोनों वैक्सीन डोज लेने के लिए कहा गया है। देश में कोरोना की तीसरी लहर की बातें भी हो रही हैं और ऐसे में सरकार नहीं चाहती है कि सत्र को फिर से टालने के लिए कोरोना फिर नया बहाना बने। 

सूत्रों ने बताया कि करीब एक महीने तक चलने वाले मानसून सत्र के दौरान 20 बैठकें होने की संभावना है। आमतौर पर संसद का मानसून सत्र जुलाई के तीसरे सप्ताह से शुरू होता है और स्वतंत्रता दिवस से पहले समाप्त होता है।

सूत्रों ने बताया कि संसदीय मामलों संबंधी मंत्रिमंडल समिति ने इस सत्र की अवधि को लेकर सिफारिश की है। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान संसद परिसर में कोविड से जुड़े सभी प्रोटोकाल का पालन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी उम्मीद की जाती है कि सत्र के दौरान परिसर में प्रवेश करने वाले तब कोविड रोधी टीके की कम से कम एक खुराक ले चुके होंगे ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत