1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चौथा चरण: चौथे चरण में 78 फीसदी से अधिक मतदान

चौथा चरण: चौथे चरण में 78 फीसदी से अधिक मतदान

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 25, 2016 07:33 pm IST,  Updated : Apr 25, 2016 10:28 pm IST

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत सोमवार को चिलचिलाती गर्मी व चुनावी कदाचार के आरोपों के बीच 49 विधानसभा क्षेत्रों में 67 फीसदी से अधिक मतदान हुआ।

vote- India TV Hindi
vote

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत सोमवार को तेज गर्मी, छिटपुट हिंसा और मतदान संबंधी गड़बड़ियों की शिकायतों के बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 49 विधानसभा क्षेत्रों में 1.08 करोड़ मतदाताओं में से 78 फीसदी से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उत्तर 24 परगना जिले (33 सीट) और हावड़ा (16 सीट) में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और यह शाम छह बजे तक चला।

निर्वाचन आयोग के मुख्य अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया, "शाम 5 बजे तक कुल 78.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। उत्तरी 24 परगना में 79.16 फीसदी और हावड़ा में 75.46 फीसदी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।" गुप्ता ने बताया कि आयोग को शाम 6 बजे तक कुल 4173 शिकायतें मिलीं। इनमें से 4023 का निपटारा कर दिया गया।

 

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अनुज शर्मा ने बताया, "इस चरण में 11 मामले दर्ज किए गए।" कुल 229 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से 22 को विशिष्ट मामलों में पकड़ा गया जबकि 207 को एहतियातन गिरफ्तार किया गया। हावड़ा उत्तर से चुनाव लड़ रहीं भाजपा उम्मीदवार रूपा गांगुली ने एक मतदान केंद्र पर मतदान प्रक्रिया में 'धांधली' का आरोप लगाया। उन्होंने कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का विरोध झेलने की बात भी कही।

वहीं, इस विधानसभा क्षेत्र से रूपा के प्रतिद्वंद्वी और तृणमूल उम्मीदवार पूर्व क्रिकेटर लक्ष्मी रतन शुक्ला ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने गांगुली पर मतदाताओं को प्रभावित करने और मतदान प्रक्रिया को बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में रूपा गांगुली के खिलाफ आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

वहीं, तृणमूल के कथित कार्यकर्ताओं द्वारा मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उत्तरी दमदम के उम्मीदवार तन्मय भट्टाचार्य की कार पर पथराव किया गया, जिसमें उन्हें चोट लगने की सूचना है। बैरकपुर के पुलिस आयुक्त नीरज सिंह ने बताया कि भट्टाचार्य की शिकायत पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि हालीशहर में रविवार रात एक परिवार पर हमले के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। परिवार के लोगों का कहना है कि लाठी-डंडे से लैस कई नकाबपोश घर में घुस आए, उन पर हमला किया और वोट नहीं देने को कहा। साढ़े तीन साल की बच्ची को भी पीटा गया। लेकिन, बच्ची की मां डरी नहीं और उसने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी निर्वाचन आयोग पर बरसीं। उन्होंने केंद्रीय बलों पर मतदाताओं को यातनाएं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "मैंने सुना कि केंद्रीय बलों के नाम पर मतदाताओं को यातना दी जा रही है। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि धारा 144 लगाई जा रही है? वे (निर्वाचन आयोग) कह रहे हैं कि 'लोगों का आना जाना रोको' और उन्हें कर्फ्यू में डाल दो। क्या बकवास है यह? "

माकपा के राज्य सचिव सूर्यकांत मिश्रा ने कहा कि 'तृणमूल की तमाम धमकियों और हिंसा के बावजूद' इतनी बड़ी संख्या में मत देने के लिए लोग बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पहले के चरणों के मुकाबले सोमवार को केंद्रीय बल और निर्वाचन आयोग अधिक मुस्तैद दिखे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से केंद्रीय बलों की 672 कंपनियों और 23,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थीं।

वर्ष 2011 के विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस ने इन 49 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं। वामपंथी मोर्चे में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को तीन और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को एक सीट मिली थी।

तृणमूल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभी 49 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवारों को उतारा। वामपंथी मोर्चे के घटक और कांग्रेस 46 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि जनता दल (युनाइटेड) एक सीट पर और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

उत्तर 24 परगना की खारदा सीट से एक बार फिर दो अर्थशास्त्री आमने-सामने दिखे। तृणमूल सरकार में वित्त, उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अमित मित्रा और माकपा के असीम दासगुप्ता इस सीट से चुनाव मैदान में उतरे। अब पांचवें चरण का मतदान 30 अप्रैल और छठे एवं अंतिम चरण का मतदान 5 मई को होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत