1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Parliament Monsoon Session: लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पास हुआ 'एंटी पेपर लीक बिल', विपक्ष ने किया वॉकआउट

Parliament Monsoon Session: लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पास हुआ 'एंटी पेपर लीक बिल', विपक्ष ने किया वॉकआउट

 Updated : Jul 30, 2026 09:34 pm IST

संसद के मानसून सत्र के नौवें दिन एंटी पेपर लीक बिल राज्यसभा से पास हो गया। ये बिल लोकसभा से पहले ही पास हो गया था। दोनों ही सदनों में इस बिल को लेकर गर्मागरम बहस हुई।

Parliament- India TV Hindi
संसद में चर्चा के दौरान हंगामा करते नेता Image Source : PTI

संसद के मानसून सत्र के नौवें दिन भी सदन में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर संसद के बाहर प्रदर्शन किया। लोकसभा के बाद राज्यसभा से गुरुवार को 'एंटी पेपर लीक बिल' पास हो गया है। विपक्ष ने सदन का वॉकआउट किया। एंटी पेपर लीक बिल लोकसभा से ये पहले ही पास हो चुका है। वहीं, आज लोकसभा में वंदे मातरम् बिल भी हुआ। राज्यसभा में ये बिल पहले ही पास हो गया था। राज्यसभा की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है। 

इससे पहले लोकसभा की आठ दिन की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ है। बुधवार को भी लोकसभा में एंटी पेपर लीक बिल को लेकर जोरदार बहस हुई। हालांकि, यह बिल सदन से पास हो गया। बुधवार को सत्तापक्ष के सदस्यों ने 'राहुल गांधी माफी मांगो' और कांग्रेस के सदस्यों ने 'एलओपी को बोलने दो' और 'गृह मंत्री जवाब दो' के नारे लगाए। सदन में काफी देर तक गतिरोध की स्थिति बनी रही। राहुल गांधी ने कहा कि सड़कों पर इस देश के भविष्य ने जो किया, वह कोई गुस्सा, हिंसा और नफरत नहीं थी, बल्कि यह युवाओं की अभिव्यक्ति थी तथा सत्तारूढ़ दल समेत सभी दलों को इसका सम्मान करना चाहिए।

ध्वनिमत से पारित हुआ कानून

राहुल गांधी के भाषण के दौरान कई बार सत्ता पक्ष के नेताओं ने विरोध जताया। हालांकि, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी से भाषण जारी रखने की अपील की और सत्तापक्ष के सदस्यों से उनके भाषण के बीच में टीका-टिप्पणी नहीं करने को कहा। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष ने भाषण जारी रखा। हालांकि दोनों पक्षों में नोकझोंक की स्थिति बनी रही और कार्यवाही ढाई बजे और फिर तीन बजे तक स्थगित की गई। कार्यवाही अपराह्न तीन बजे आरंभ होने पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने विधेयक पर चर्चा का जवाब दिया और सदन ने विधेयक को ध्वनिमत से मंजूरी दे दी। 

Parliament Live Updates:

Auto Refresh
Refresh
  • 9:23 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    राज्यसभा से एंटी पेपर लीक बिल पास

    लोकसभा से पारित होने के बाद एंटी पेपर लीक बिल को राज्यसभा ने भी मंजूरी दे दी है। इस विधेयक का उद्देश्य विभिन्न सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल माफिया और परीक्षा में धांधली पर सख्त अंकुश लगाना है। कानून के तहत प्रश्नपत्र लीक कराने, परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी करने और संगठित तरीके से धोखाधड़ी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। दोनों सदनों से पारित होने के बाद अब यह विधेयक राष्ट्रपति की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जिसके बाद यह कानून के रूप में लागू होगा।

  • 3:58 PM (IST)
    Posted by Dhyanendra Chauhan

    लोकसभा से पास हुआ वंदे मातरम् बिल

    राज्यसभा के बाद अब लोकसभा ने भी ‘वंदे मातरम’ को कानूनी संरक्षण देने वाले विधेयक को मंजूरी दे दी है। यह विधेयक Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 में संशोधन का प्रस्ताव करता है, जिसके तहत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के जानबूझकर अपमान या उसके गायन में बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ की तरह वैधानिक संरक्षण देना है। 

  • 3:02 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत क्यों- खरगे

    राज्यसभा में मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने के बाद उनका स्वागत क्यों किया गया। उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह के संसद नहीं आने पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्रों के दबाव में धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। आंदोलन के कारण पीएम मोदी को नींद नहीं आ रही थी। वह आधी रात को जगकर वीडियो बना रहे थे। उन्होंने पैलेट गन और एके-47 मशीन गन के इस्तेमाल को लेकर भी सरकार को घेरा।

  • 2:38 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    लोकसभा की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक स्थगित

    कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों के शोरगुल के कारण लोकसभा में सदन की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद दो बजे फिर से शुरू हुई थी। पीठासीन सभापति संध्या राय ने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए। इस बीच, विपक्षी सदस्य आसन के करीब आ गए। उनके हाथों में तख्तियां थीं और वे 'अमित शाह जवाब दो' नारे लगा रहे थे। पीठासीन सभापति ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से अपने-अपने स्थान पर लौटने का अनुरोध किया, लेकिन शोरगुल नहीं थमने पर उन्होंने दो बजकर दो मिनट पर सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

  • 2:37 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    एंटी पेपर लीक बिल अधूरा- खरगे

    राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि एंटी पेपर लीक बिल अभी भी अधूरा है। छात्रों का गुस्सा ठंडा करने के लिए यह बिल लाया गया है। ऐसे में सरकार को विपक्ष की बात ठीक से सुननी चाहिए। पेपर लीक से मासूम बच्चों को नुकसान होता है। इसलिए सरकार को इसे रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था करनी चाहिए।

  • 2:04 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    राज्यसभा में पेश हुआ एंटी पेपर लीक बिल

    केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पेश किया। यह बिल पहले ही राज्यसभा से पारित हो चुका है। सरकार की कोशिश इसे जल्द से जल्द पास कराने की है।

  • 1:38 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    सीसीएस की बैठक कर रहे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीसीएस की बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में कुछ अन्य मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, हरदीप पुरी भी बैठक में शामिल हैं। शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक होनी है, उससे पहले आज बड़ी बैठक हो रही है।

  • 1:30 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    खड़गे और मुकुल वासनिक एंटी पेपर लीक बिल पर बोलेंगे

    विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और मुकुल वासनिक राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पर बोलेंगे। यह बील दोपहर दो बजे राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह पेश करेंगे।

  • 12:25 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    चंदा चोरी पर अरुण गोविल का बयान

    राम मंदिर चंदे पर विवाद पर बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने कहा, "सरकार उस पर काम कर रही है और अगर कोई घटना हुई है तो ये तब तक इंतजार करे जब तक हल न निकल जाए तब तक उन्हें इंतजार करना चाहिए।"

     

  • 12:14 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    राज्यसभा में दोपहर 2 बजे पेश होगा एंटी पेपर लीक बिल

    एंटी पेपर लीक बिल दोपहर दो बजे राज्यसभा में पेश होगा। इससे पहले विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया। इस पर जेपी नड्डा ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि विपक्षी नेता हमेशा गोलपोस्ट चेंज कर लेते हैं।

  • 11:28 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    कपिल सिब्बल ने पैलेट गन का मुद्दा उठाया

    राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, "ये बड़ी स्पष्ट बात है कि यदि कोई पैलेट गन चलाता है या ऐसी कार्रवाई करता है तो इसकी अनुमति तो कोई देता है। यदि कोई कह रहा है कि एसडीएम ने अनुमति दी तो क्या हमारे गृह मंत्री ने ये कहा कि एसडीएम ने गलत किया? हमारे गृह मंत्री चुप क्यों हैं? इससे साफ जाहिर है कि ये उनकी सहमति से ही हुआ है नहीं तो वे कहते कि एसडीएम ने गलत काम किया है। एक तरफ भाजपा कह रही है कि पैलेट गन नहीं चली और जब साबित हो गया कि पैलेट गन चली तो उन्हें ये बात माननी पड़ी। फिर केंद्रीय गृह मंत्री चुप क्यों है?"

  • 11:26 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर विपक्ष ने सरकार को घेरा

    कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली में पुलिस कार्रवाई का आदेश किसने दिया? दिल्ली में छात्रों पर गोली चलाने का आदेश किसने दिया? हमें भारत के गृह मंत्री से जवाब चाहिए। भारत के गृह मंत्री संसद से क्यों भाग रहे हैं? आप तो विपक्ष के नेता को भी बोलने नहीं दे रहे हैं।"

  • 11:25 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    चंदा चोरी के खिलाफ सपा का प्रदर्शन

    समाजवादी पार्टी के सांसदों ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले के खिलाफ संसद के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों के विरोध प्रदर्शन के चलते लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित हो चुकी है।

  • 11:05 AM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक स्थगित

    विपक्षी सांसदों द्वारा हंगामे को देखते हुए लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। बता दें कि आज राज्यसभा में एंटी पेपर लीक बिल पेश होगा।

  • 10:50 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन

    प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस सांसदों और दूसरी विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों के खिलाफ 'पुलिस एक्शन' को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया।

  • 10:04 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    मनीष तिवारी ने एंटी-डिफेक्शन लॉ पर चर्चा की मांग की

    कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने एंटी-डिफेक्शन लॉ के मुद्दे पर चर्चा के लिए लोकसभा में एडजर्नमेंट मोशन नोटिस दिया है। नोटिस में, उन्होंने सदन से क्वेश्चन आवर, जीरो आवर और दूसरे लिस्टेड काम सस्पेंड करने की अपील की है, ताकि जिसे वे "मौकापरस्ती से प्रेरित बड़े पैमाने पर राजनीतिक दलबदल" बताते हैं, उस पर चर्चा हो सके और सरकार से दिन का काम स्थगित करके इस जरूरी सार्वजनिक महत्व के मामले पर बहस करने की अपील की है।

  • 10:02 AM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया

    कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत "श्री राम मंदिर से जुड़े चंदे की चोरी, चढ़ावे की लूट और गबन के मुद्दे" पर चर्चा के लिए सस्पेंशन ऑफ बिजनेस नोटिस दिया है। इसके अलावा भी विपक्षी नेता साफ कर चुके हैं कि वह आज संसद में इन दोनों मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने वाले हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत