1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जब अपने बच्चों को बचाने के लिए सांप से भिड़ गई कुतिया, जानें फिर क्या हुआ

जब अपने बच्चों को बचाने के लिए सांप से भिड़ गई कुतिया, जानें फिर क्या हुआ

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 20, 2018 03:32 pm IST,  Updated : Sep 20, 2018 03:32 pm IST

एक कुतिया अपने बच्चों की हिफाजत के लिए एक बेहद ही खतरनाक कोबरा से भिड़ गई।

Mother dog fights Cobra snake to save puppies in Bhadrak Odisha | ANI- India TV Hindi
Mother dog fights Cobra snake to save puppies in Bhadrak Odisha | ANI

नई दिल्ली: कहते हैं कि अपने बच्चों की हिफाजत के लिए मां अपनी जान की परवाह किए बगैर किसी भी खतरे से भिड़ सकती है। फिर चाहे वह मां कोई इंसान हो या जानवर। इस बात को ओडिशा में एक कुतिया ने साबित करके दिखा दिया जब वह अपने बच्चों की हिफाजत के लिए एक बेहद ही खतरनाक कोबरा से भिड़ गई। यह घटना ओडिशा के भद्रक की है, जहां एक खतरनाक कोबरा ने एक कुतिया के नवजात बच्चों पर हमला कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओडिशा के भद्रक में एक जहरीले कोबरा सांप ने एक कुतिया के बच्चों पर हमला कर दिया था। कुतिया ने इन बच्चों को हाल ही में जन्म दिया था और वे इस खतरनाक सांप से मुकाबला करने की हालत में नहीं थे। जब ये बच्चे आराम कर रहे थे तभी सांप ने उनपर हमला कर दिया। अपने बच्चों को खतरे में देख कुतिया ने सांप का डटकर मुकाबला किया, लेकिन वह अपने सभी बच्चों को बचाने में नाकाम रही। कुतिया के 4 में से 3 बच्चों को सांप ने मार डाला और वह अपने सिर्फ एक बच्चे को ही बचा पाई।

बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने कोबरा को पकड़ लिया। | ANI
बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने कोबरा को पकड़ लिया। | ANI

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना को देखकर लोगों ने वन अधिकारियों को इसकी सूचना दी, लेकिन जब तक वे घटनास्थल पर पहुंच पाते, तीन छोटे-छोटे पिल्लों की मौत हो गई थी। बाद में वन विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से इस खतरनाक कोबरा पर काबू पाया और उसे अपने साथ ले गए। कुतिया के तीन बच्चे तो सांप के हमले को नहीं झेल सके, मगर उसने अपनी दिलेरी से अपने एक बच्चे को बचा लिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत