नई दिल्ली: दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर जमकर बरसीं। उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कांग्रेस को नसीहत भी दे डाली। उन्होंने कहा, “अमेठी में किसानों की जमीनों को हड़पा गया..ये आश्वासन देकर कि वहां पर साइकिल की फैक्ट्री बनाई जाएगी, लेकिन क्या हुआ?” उन्होंने बताया कि कोयले की नीलामी से 3 लाख 35 हजार करोड़ रुपए भारत की तिजोरी में भरा गया।
स्मृति ने क्या क्या कहा-
- कुछ लोग हैं जिन्होंने अपनी राजनीति चमकाने के लिए देश की सरहद पर जाकर भारत सरकार पर प्रहार किया।
- मुझे लगता है कि पाकिस्तान के संबंध में कोई भी विषय आए वहां पर राष्ट्रनीति होनी चाहिए राजनीति नहीं।
- सिर्फ हवा में बयान देने से देश नहीं चलते हैं(आरपीएन सिंह)।
- वो हमें बैक फुट पर नहीं ले जा सकते, वो विकास को पीछे धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। (जीएसटी पर)
- मुझे उस मां का नाम बताइए जिसने गरीब किसानों की जमीन लेने के लिए अपने बेटे की पीठ थपथपाई हो।
- सोनिया गांधी जब कभी भी हमको निशाना बनाती हैं, देश के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से साथ हो लेते हैं।
- केंद्र और राज्य सरकार के एक साल के समन्वय के बाद हमने अधिकांश स्कूलों में टॉयलेट की सुविधा पहुंचाई है।
- नेतृत्व की खामियों को छुपाने के लिए नरेंद्र मोदी का सहारा लिया।
- आज जो भी कांग्रेस नेता किसानों के हित के लिए लड़ रहे हैं वो शायद भूल गए कि राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में किसानों की जमीनें हड़पी गईं।