श्रीनगर: राज्य में शिया मुहर्रम जुलूस को रोकने के लिए श्रीनगर के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग और बिजबेहड़ा कस्बों में कर्फ्यू लगाया गया है। प्रशासन ने यह जानकारी दी। यहां बुधवार की झड़प के बाद तनाव बढ़ने की वजह से अबी गुजर और लाल चौक क्षेत्रों में पाबंदी लगाई गई है।
बिजबेहड़ा कस्बे में सुरक्षाबलों और पथराव कर रही भीड़ के बीच झड़प में 25 वर्षीय नसीर अहमद डार नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमने शहर में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज (गुरुवार) मुहर्रम जुलूस पर पाबंदी लगाई है।"
वरिष्ठ अलगाववादी नेताओं सैयद अली गिलानी और मीरवाइज उमर फारुख को यहां नजरबंद रखा गया है, जबकि मुहम्मद यासीन मलिक को एहतियातन बुधवार को ही हिरासत में ले लिया गया।
बता दें कि मलिक, डार का हालचाल पूछने गए थे, जो झड़प के दौरान घायल हो गया था। सुरक्षाबलों द्वारा छोड़ा गया आंसू गैस का गोला डार के सिर पर लगा था। डार का इलाज कर रहे एक डॉक्टर ने बताया, "ऑपरेशन के बाद मरीज को अस्पताल की केयर यूनिट में भर्ती कर दिया गया है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अभी वह खतरे से बाहर नहीं है।"