1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अपने जन्मदिन पर मुलायम सिंह ने सपा कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कही विशेष बात

अपने जन्मदिन पर मुलायम सिंह ने सपा कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कही विशेष बात

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 22, 2021 02:48 pm IST,  Updated : Nov 22, 2021 02:48 pm IST

मुलायम सिंह यादव ने कहा, ''आपने हमारा जन्मदिन मनाया है, स्‍वागत किया है उसके लिए आभारी रहूंगा। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो आशा हमसे करते हो, वह आशा पूरी करके रहूंगा।''

Mulayam Singh Yadav statement on his birthday  अपने जन्मदिन पर मुलायम सिंह ने सपा कार्यकर्ताओं को कि- India TV Hindi
अपने जन्मदिन पर मुलायम सिंह ने सपा कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कही विशेष बात Image Source : PTI

Highlights

  • पीएम मोदी ने मुलायम सिंह यादव को दीं जन्मदिन की बधाई
  • देश में ‘‘परिवर्तन की जो राजनीति’’ चल रही है उसे कामयाब बनाएं- मुलायम
  • मुलायम सिंह यादव ने 83 किलोग्राम का केक काटा

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव (82) ने सोमवार को अपने जन्मदिन के मौके पर युवाओं से कहा कि देश में ‘‘परिवर्तन की जो राजनीति’’ चल रही है उसे कामयाब बनाएं। सोमवार को सपा मुख्यालय में यादव का जन्मदिन सादगी के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुलायम सिंह यादव के साथ उनके पुत्र और सपा प्रमुख अखिलेश यादव और अन्य नेताओं ने 83 किलोग्राम का केक काटा और नेताजी (मुलायम सिंह यादव) को बधाई दी।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अगले वर्ष की शुरुआत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए ‘‘‘बाइस में बदलाव’’ का नारा दिया और वह राज्‍य में समाजवादी विजय यात्रा निकाल रहे हैं। जन्मदिन समारोह को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने उपस्थित लोगों का स्वागत किया और कहा, ''हमारे युवा उत्साह से भरे हैं, हमारे सारे नौजवानों में कितना जोश है, देश में परिवर्तन की जो राजनीति चल रही है उसे कामयाब बनाएं। मुझे उम्मीद है कि इसे सफल बनाएंगे।''

सपा संस्थापक ने कहा, ''आपको धन्यवाद देते हैं कि मेरे इस जन्मदिन के अवसर पर आप उपस्थित हुए हैं, हम ये चाहते हैं कि आज हमारा जन्मदिन मनाया जा रहा है लेकिन हमें सबसे खुशी तब होगी जब हमारे गरीब से गरीब व्यक्ति का जन्मदिन मनाया जाए, आपका जन्मदिन मनाया जाए। आप हमें बुलाइए, हम आपके जन्मदिन पर आएंगे।'' उन्होंने कहा, ''आपने हमारा जन्मदिन मनाया है, स्‍वागत किया है उसके लिए आभारी रहूंगा। आपको विश्वास दिलाता हूं कि जो आशा हमसे करते हो, वह आशा पूरी करके रहूंगा।''

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन की बधाई दी और उनसे आशीर्वाद मांगा। समारोह का संचालन सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने किया और इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी, पूर्व मंत्री अहमद हसन, पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद थे।

यादव के जन्मदिन पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत कई नेताओं ने ट्विटर के जरिये उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने की कामना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’’पार्टी की स्थापना की थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत