चेन्नई पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) ने निजी स्कूल को मान्यता दिलाने में कथित फर्जीवाड़े के मामले में फरार आरोपी मुथुकुमार के रिश्तेदारों से जुड़े चार स्थानों पर तलाशी ली। शनिवार को कल्लाकुरिची जिले में चलाए गए इस अभियान में मुथुकुमार के रिश्तेदारों सरवनन और रमेश के घरों के अलावा गोकुलकृष्णन के घर और दुकान पर तलाशी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान बैंक से संबंधित रिकॉर्ड समेत 30 दस्तावेज जब्त किए गए।
'ग्लोबल 360 डिग्री' नाम का चलता था फर्म
इस संबंध में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुथुकुमार चेन्नई के टी. नगर में 'ग्लोबल 360 डिग्री' नाम की फर्म चलाता था। आरोप है कि उसने तमिलनाडु स्कूल शिक्षा विभाग से सरकारी मान्यता दिलाने का झूठा वादा कर निजी स्कूल प्रबंधन से पैसे लिए।
तीन आरोपियों को पहले ही किया जा चुका गिरफ्तार
सीसीबी की जांच में सामने आया कि मुथुकुमार का रिश्तेदार सरवनन इन वित्तीय लेनदेन में उसका सहयोगी था। पुलिस आयुक्त के समक्ष दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सीसीबी ने मामला दर्ज किया। मामले में तीन आरोपियों - बी.टी. अरसाकुमार, सुरेश और राजा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पूर्व मंत्री के यहां भी ली गई तलाशी
जारी जांच के तहत अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार पर पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई है। सीसीबी ने 16 सितंबर को चेन्नई और तिरुचिरापल्ली में पूर्व मंत्री और उनके सहयोगियों से जुड़े 9 स्थानों पर तलाशी ली थी। (भाषा के इनपुट के साथ)
ये खबर अपडेट हो रही है...
ये भी पढ़ें:
असम में हिरासत में लिए गए CJP के आशुतोष रांका और उनकी टीम, अभिजीत दिपके ने किया विरोध