1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई: 25 छात्रों के जबरन बाल काटे, शिक्षक समेत तीन लोग गिरफ्तार

मुंबई: 25 छात्रों के जबरन बाल काटे, शिक्षक समेत तीन लोग गिरफ्तार

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 01, 2017 04:32 pm IST,  Updated : Jul 01, 2017 04:34 pm IST

मुंबई में एक स्कूल के एक शिक्षक और निदेशक समेत तीन स्टाफ कर्मियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन ना करने पर सजा देने के लिए 25 छात्रों के बाल जबरन काटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

children- India TV Hindi
children

मुंबई: मुंबई में एक स्कूल के एक शिक्षक और निदेशक समेत तीन स्टाफ कर्मियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन ना करने पर सजा देने के लिए 25 छात्रों के बाल जबरन काटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आज बताया कि यह घटना विक्रोली उपनगर में सुबह की प्रार्थना के बाद हुई जिसके बाद कुछ छात्रों के अभिभावकों की शिकायत पर आरोपियों को कल देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि कक्षा पांचवीं से आठवीं तक के लिए 25 लड़कों को स्कूल के आदेश के अनुसार बाल छोटे ना रखने के लिए सजा दी गई।

पुलिस ने बताया कि स्कूल ने कथित तौर पर कुछ दिन पहले छात्रों को छोटे-छोटे बाल रखने के लिए कहा था लेकिन इनमें से कुछ छात्रों ने ऐसा नहीं किया जिसके बाद स्कूल निदेशक गणेश बाटा (40), शारीरिक प्रशिक्षण शिक्षक मिलिंद जानके (33) और कार्यालय सहायक तुषार गोरे (32) ने उन्हें सबक सिखाने का फैसला लिया। उन्होंने बताया कि तीनों ने कथित तौर पर बड़ी संख्या में छात्रों के बाल काटे। कैंची से दो लड़के घायल भी हो गए थे।

विक्रोली पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीधर हनचटे ने कहा, हमने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 324 (जानबूझाकर खतरनाक हथियारों से चोट पहुंचाना), धारा 335 (उकसाने पर जानबूझाकर गंभीर चोट पहुंचाने) और धारा 34 (एक ही मंशा से कई लोगों द्वारा किए गए कृत्य) तथा जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत मामला दर्ज किया और इसके बाद गिरफ्तारियां की गई।

उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को आज एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच चल रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत