1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोरोना पर तमाम बुरी खबरों के बीच आई गुड न्यूज, नागालैंड में नहीं मिला कोई नया केस

कोरोना पर तमाम बुरी खबरों के बीच आई गुड न्यूज, नागालैंड में नहीं मिला कोई नया केस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 27, 2021 11:23 pm IST,  Updated : Mar 27, 2021 11:23 pm IST

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 62,258 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही शनिवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,19,08,910 हो गई। वहीं, अच्छी खबर यह है कि नागालैंड में शनिवार को कोविड-19 का कोई नया मामला नहीं आया।

कोरोना पर तमाम बुरी खबरों के बीच आई गुड न्यूज, नागालैंड में नहीं मिला कोई नया केस- India TV Hindi
कोरोना पर तमाम बुरी खबरों के बीच आई गुड न्यूज, नागालैंड में नहीं मिला कोई नया केस Image Source : PTI

कोहिमा: नागालैंड में शनिवार को कोविड-19 का कोई नया मामला नहीं आया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री पांगन्यू फोम ने यह जानकारी दी। राज्य में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित होने वालों की कुल संख्या 12,229 है। मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘राज्य में आज कोविड-19 का कोई नया मामला नहीं आया, न ही कोई संक्रमण मुक्त हुआ।’’ 

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक डॉ डेनिस हैंगसिंग ने बताया कि इस समय राज्य में पांच उपचाराधीन मरीज हैं जबकि 11,979 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में कोविड-19 से ठीक होने की दर 97.5 प्रतिशत है जबकि अबतक 91 लोगों की मौत हुई है। हैंगसिंग ने बताया कि 154 मरीजों ने दूसरे राज्यों में पलायन किया है। 

इस बीच राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ रितु थुर ने बताया कि अब तक नगालैंड में 59,409 लोगों का टीकाकरण किया गया हैं। उन्होंने बताया कि इनमें 36,232 अग्रिम मोर्चे पर कार्य करने वाले कर्मी, 11974 स्वास्थ्य कर्मी, 8903 वरिष्ठ नागरिक और 2300 लोग गंभीर बीमारी से ग्रस्त 45 साल से अधिक उम्र के लोग हैं।

देश में कोरोना के 62258 केस मिले

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 62,258 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही शनिवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,19,08,910 हो गई। यह इस वर्ष की अब तक की सर्वाधिक संख्या है। शनिवार को अद्यतन किए गए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार यह जानकारी सामने आई है। 

मंत्रालय के आँकड़ों के अनुसार, लगातार 17वें दिन नए मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। देश में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 4,52,647 हो गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.80 प्रतिशत है, जबकि मरीजों के ठीक होने की दर घटकर 94.85 प्रतिशत रह गई है। 

देश में 24 घंटे की अवधि में 62,258 नए मामले सामने आए, जो 16 अक्टूबर, 2020 के बाद एक दिन में सर्वाधिक हैं। संक्रमण से 291 और मरीजों की मौत होने से देश में इस महामारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,61,240 हो गई। 

पिछले साल 16 अक्टूबर को 24 घंटे के अंतराल में संक्रमण के 63,371 नए मामले सामने आए थे। आँकड़ों में कहा गया है कि अब तक इस बीमारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,12,95,023 हो गई है, जबकि संक्रमण से मृत्यु दर घटकर 1.35 फीसदी तक रह गई है। 

देश में हुई 291 नई मौतों में 112 मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं, जबकि पंजाब में 59, छत्तीसगढ़ में 22, केरल में 14 और कर्नाटक में 13 मौतें हुई हैं। देश में संक्रमण से अब तक कुल 1,61,240 मौतें हुई हैं, जिनमें महाराष्ट्र में 53,907, तमिलनाडु में 12,650, कर्नाटक में 12,484, दिल्ली में 10,987, पश्चिम बंगाल में 10,320, उत्तर प्रदेश में 8,779 , आंध्र प्रदेश में 7,203 और पंजाब में 6,576 मौतें हुई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत