1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नागपुर पुलिस ने लैंडर विक्रम से कहा- एक बार बोल दो, हम तुम्हारा चालान नहीं काटेंगे

नागपुर पुलिस ने लैंडर विक्रम से कहा- एक बार बोल दो, हम तुम्हारा चालान नहीं काटेंगे

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 09, 2019 02:14 pm IST,  Updated : Sep 09, 2019 02:45 pm IST

ISRO के चंद्रयान-2 मिशन के लैंडर विक्रम से लगातार संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।

लैंडर विक्रम की एक तस्वीर | ISRO- India TV Hindi
लैंडर विक्रम की एक तस्वीर | ISRO

नागपुर: ISRO के चंद्रयान-2 मिशन के लैंडर विक्रम से लगातार संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि विशेषज्ञों ने कहा है कि समय निकलता जा रहा है और संपर्क बहाल होने की संभावना कम होती जा रही है। हालांकि इस बीच सोशल मीडिया पर लोगों ने अपने-अपने तरीके से विक्रम से गुहार लगाई कि वह कुछ तो बोल दे। इसी कड़ी में नागपुर सिटी पुलिस ने एक बेहद ही दिलचस्प ट्वीट किया जो कि देखते ही देखते वायरल हो गया।

पुलिस ने कहा, हम तुम्हारा चालान नहीं काटेंगे

नागपुर सिटी पुलिस ने एक बेहद ही दिलचस्प ट्वीट में कहा, 'प्रिय विक्रम, कृपया प्रतिक्रिया दो, सिग्नल तोड़ने के लिए हम तुम्हारा चालान नहीं काटेंगे।' आपको बता दें कि नए ट्रैफिक नियमों में चालान की दरें कई गुना बढ़ा दी गई हैं जिसके चलते आजकल पूरे देश में इसकी चर्चा चल रही है। ट्विटर यूजर्स ने भी नागपुर पुलिस के इस ट्वीट को हाथोंहाथ लिया और देखते ही देखते यह वायरल हो गया। अधिकांश यूजर्स ने नागपुर पुलिस के सेंस ऑफ ह्यूमर की तारीफ की।


शुक्रवार को देर रात टूटा था संपर्क
शुक्रवार को देर रात चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान विक्रम का चांद के सतह से 2.1 किलोमीटर ऊंचाई पर इसरो से सम्पर्क टूट गया था। इसके बाद चंद्रमा का चक्कर लगा रहे ऑर्बिटर ने विक्रम का पता लगा लिया और उसकी थर्मल तस्वीरें लीं। हालांकि अभी विक्रम के साथ फिर से संपर्क नहीं हो सका है लेकिन ISRO के वैज्ञानिक लगातार कोशिश कर रहे हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्ड लैंडिंग के बावजूद लैंडर विक्रम सुरक्षित है और उसे नुकसान नहीं पहुंचा है। हालांकि इस बारे में अभी तक इसरो की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत