नई दिल्ली: राष्ट्रीय सुरक्षा, समृद्धि और शान्ति को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताते हुए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार की आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने (जीरो टॉलरेंस) की नीति है और विपक्ष खासकर कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर हवा-हवाई बातें करना छोड़कर गंभीरता दिखानी चाहिए।
नकवी ने भाषा से बातचीत में कहा, भारत के खिलाफ किसी भी आतंकी गतिविधि को बिलकुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आतंकवाद और कट्टरवाद मानवता के सबसे बड़े दुश्मन हैं और इस समस्या को खत्म करने के प्रयास में संपूर्ण विश्व को एकजुट होना होगा। प्रधानमंत्री ने भी इस स्थिति को पाकिस्तान समेत सभी के समक्ष स्पष्ट कर दिया है।
आतंकवाद के खिलाफ केंद्र के सख्त रूख का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई भी शैतानी ताकत भारत की सुरक्षा, समृद्धि, और स्वाभिमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगी तो उसे ध्वस्त करने में हमारा देश पूरी तरह से सक्षम है।पठानकोठ हमले पर विपक्ष, खासकर कांग्रेस की आलोचना पर उन्होंने कहा, मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है और विपक्ष खासकर कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर हवा..हवाई बातें करना छोड़कर गंभीरता का प्रदर्शन करना चाहिए। मालदा, पूर्णिया की हिंसक घटनाओं पर एक सवाल के जवाब में नकवी ने कहा कि जो लोग धर्मनिरपेक्षता के सियासी सूरमा बनते थे, वे इस साम्प्रदायिक तांडव पर खामोश हैं। मालदा और पूर्णिया की घटना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक पार्टी से जुड़े लोगों ने इस साम्प्रदायिक तांडव को समर्थन दिया और अब इन अत्यंत गंभीर विषयों पर मौन हैं। आगामी बजट में अपनी सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए नकवी ने कहा कि मोदी सरकार की देश के गरीबों-किसानों-युवाओं के सशक्तिकरण की कोशिश रंग ला रही है और यह जमीनी हकीकत बन रही है।