नई दिल्ली. मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार हो चुका है। मोदी कैबिनेट में आज कुल 15 कैबिनेट और 28 राज्य मंत्रियों समेत कुल 43 मंत्रियों ने शपथ ली है। वहीं कुल 12 मंत्रियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रीपरिषद में बुधवार को विस्तार और फेरबदल किया गया। इसमें 36 नए चेहरों को शामिल किया गया है जबकि सात वर्तमान राज्यमंत्रियों को पदोन्नत कर मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। आठ नए चेहरों को भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित एक समारोह में मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए सभी 43 सदस्यों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल विपिन रावत सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद थे। प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ अपना दूसरा कार्यकाल आरंभ करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल व विस्तार किया है।
हमारे इस पेज पर आप पूरे दिन पीएम मोदी के मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़े सभी अपडेट्स पा सकेंगे।
