नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 से 19 मई तक 3 देशों की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इन 3 देशों में चीन, मंगोलिया और दक्षिण कोरिया शामिल हैं। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली मंगोलिया यात्रा होगी। मोदी चीन में 14 से 16 मई तक रहेंगे, जहां वह शियान, बीजिंग और शंघाई शहरों का दौरा करेंगे।
यह प्रधानमंत्री मोदी का 17वां विदेशी दौरा होगा। इससे पहले वे एक-एक बार ऑस्ट्रेलिया, भूटान, ब्राजील, कनाडा, फ्रांस, फिजी, जर्मनी, जापान, मॉरीशस, म्यांमार, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका, अमेरिका और नेपाल की यात्रा पर दो बार जा चुके हैं।
चीन प्रवास के दौरान मोदी वहां शीर्ष अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगे और सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
मोदी चीन में प्रवासी भारतीयों के समुदाय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
मोदी 17 मई को मंगोलिया दौरे पर होंगे। यह पहला मौका है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री मंगोलिया के दौरे पर जा रहा है।
मोदी 18-19 मई को दक्षिण कोरिया जाएंगे, जहां राष्ट्रपति पार्क ग्युन हाय के साथ वह द्विपक्षीय वार्ता में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वह सियोल में व्यावसायिक नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।