शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सराहन स्थित पैतृक महल में पिछले महीने हुई चोरी में कथित रूप से शामिल 17 वर्षीय नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस महल को शांति राजमहल के नाम से जाना जाता है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सूरज के रूप में हुई है जिसे चंडीगढ़ से कल गिरफ्तार किया गया। इस मामले में प्राथमिक तौर पर जिन लोगों पर संदेह है, उनके मोबाइल को ट्रैक करने के बाद सूरज की गिरफ्तारी हुई। उसे 16 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि युवक द्वारा दी गई सूचना के आधार पर चोरी की गयी कलाकृतियां बरामद कर ली गयी हैं। कुछ अज्ञात चोरों ने 23 और 24 अक्टूबर की रात में महल का मुख्य द्वार तोड़ कर लाखों रूपये मूल्य का तीन किलोग्राम वजन का चांदी का सामान चुरा लिया था।
पुलिस ने बताया महल की देखरेख करने वाले प्रेमराज ने शिकायत में चोरी की गयी सामग्री का जो ब्योरा दर्ज कराया था, उससे अधिक मात्रा में सामग्री की बरामदगी हुई है।