1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा: कालाहांडी में मिड डे मील खाने के बाद 80 छात्र बीमार

ओडिशा: कालाहांडी में मिड डे मील खाने के बाद 80 छात्र बीमार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 15, 2017 08:50 pm IST,  Updated : Sep 15, 2017 08:50 pm IST

ओडिशा के कालाहांडी जिले में कथित तौर पर मिड डे मील खाने के बाद 5 स्कूलों के 80 से अधिक छात्र बीमार हो गए हैं...

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image | AP

नई दिल्ली: ओडिशा के कालाहांडी जिले में कथित तौर पर मिड डे मील खाने के बाद 5 स्कूलों के 80 से अधिक छात्र बीमार हो गए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि लान्जीगढ़ प्रखंड के अन्तर्गत आने वाले लुमा, कुबरी, बांधपारी, राजेन्द्रपुर और डांगरी गांवों के स्कूलों में कल मध्यान भोजन खाने के बाद छात्रों ने उल्टी होने, जी मिचलाने और पेट में दर्द की शिकायत की थी। भोजन से प्रभावित छात्रों को बिनाथपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया और उनमें से 2 को भवानीपटना सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। 

अधिकारियों ने बताया कि एक ट्रस्ट ने लान्जीगढ़ ब्लॉक के 176 स्कूलों के लिए मध्यान्ह भोजन तैयार करके हर जगह भेजा था। उन्होंने बताया कि तैयार हुआ खाना वाहनों में रख कर विभिन्न स्कूल ले जाया गया था। जिला शिक्षा अधिकारी (DOP), सब क्लेक्टर और तहसीलदार ने स्थिति का जायजा लेने के लिए बिनाथपुर का दौरा किया। (DOP) प्रदीप कुमार नाईक ने बताया कि 5 स्कूलों के 80 से अधिक छात्र बीमार हो गए और अस्पताल में उनका इलाज किया गया। ज्यादातर छात्रों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 

उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति काबू में है और छात्रों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार भी हो रहा है। कालाहांडी के क्लेक्टर अंजान कुमार मानिक ने बताया कि फिलहाल जांच चल रही है और रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि छात्रों की तबियत किस वजह से खराब हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत