1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LoC पर पाक की नापाक हरकत जारी, फायरिंग में 4 जवान समेत 9 लोगों की मौत, 10 पाक रेंजर्स ढेर

LoC पर पाक की नापाक हरकत जारी, फायरिंग में 4 जवान समेत 9 लोगों की मौत, 10 पाक रेंजर्स ढेर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 20, 2018 05:41 pm IST,  Updated : Jan 20, 2018 07:39 pm IST

जम्मू-कश्मीर के डीजीपी वैद्य के मुताबिक, सीजफायर उल्लंघन में भारतीय सेना के दो और बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए हैं। इसके अलावा 5 आम नागरिक भी पाकिस्तानी हमले में मारे गए हैं।

LoC firing- India TV Hindi
LoC firing

जम्मू: सरहद पर टेररिस्तान नापाक साजिश रच रहा है। एक तरफ पाकिस्तानी फौजी सीजफायर का उल्लंघन कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों से वो भारत के 40 पोस्ट को निशाना बना रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी वैद्य के मुताबिक, सीजफायर उल्लंघन में भारतीय सेना के दो और बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए हैं। इसके अलावा 5 आम नागरिक भी पाकिस्तानी हमले में मारे गए हैं। हालांकि भारत की तरफ से भी पाकिस्तानी हमले का करारा जवाब दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि भारतीय जांबाजों ने भी 10 पाकिस्तानी रेंजर्स को मौत के घाट उतार दिया है। इस बीच पाकिस्तानी फौज प्रोपेगेंडा वीडियो जारी कर खुद की पीठ थपथपा रही है। पाकिस्तान में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स मोर्टार दागते हुए नजर आ रहा है लेकिन जो शख्स मोर्टार चला रहा है, वो किसी वर्दी में नहीं है। 

अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में सीमा पार से की गई गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि मारे गए सैनिक की पहचान सिपाही मनदीप सिंह (23) के रूप में हुई है। वह पंजाब में संगरूर के आलमपुर गांव के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के कृष्णा घाटी क्षेत्र में सुबह आठ बजकर 20 मिनट से छोटे हथियारों और स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। 

बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरएस पुरा के सुचेतगढ़ सेक्टर में ऑक्ट्रॉय से चेनाब (अखनूर) तक के इलाके में आज सुबह से गोलीबारी चल रही थी। उन्होंने बताया कि आर एस पुरा सेक्टर में गोलीबारी रात डेढ़ बजे रुक गई थी, लेकिन चार घंटे बाद फिर से गोलीबारी शुरू हो गई।उन्होंने कहा कि परगवाल सेक्टर में भारी गोलीबारी और गोलाबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। बीएसएफ जवाबी कार्रवाई कर रही है और अंतिम समाचार मिलने तक दोनों पक्षों की तरफ से गोलीबारी चल रही थी। 

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) का एक जवान जम्मू में सीमा पार से गोलाबारी में घायल हो गया। कांस्टेबल लल्लू राम को पास के अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जाती है। जवान बल की 14 वीं बटालियन का है और उसे कानाचक थाने में जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ कानून व्यवस्था बहाल करने की ड्यूटी में तैनात किया गया था। उसे मोर्टार का छर्रा लगा। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत