जम्मू: पाकिस्तानी सेना ने कल रात से 4 बार सीज़फायर का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर में LoC पर अग्रिम चौकियों पर भारी गोलीबारी और मोर्टार गोलाबारी की जिसका भारतीय बलों ने जवाब दिया।
पाकिस्तानी पक्ष ने कल रात में और आज दिन में 3 बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और आज रात पुंछ सेक्टर में दोबारा गोलीबारी शुरू कर दी।
जम्मू स्थित रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने कल रात सात बजकर 45 मिनट के बाद से पुंछ जिले के बालाकोट में नियंत्रण रेखा पर अग्रिम चौकियों को मोर्टार बमों और स्वचालित हथियारों से निशाना बनाया।
उन्होंने कहा कि, इलाके से आखिरी खबर आने तक गोलीबारी चल रही थी और भारतीय जवान उसका जवाब दे रहे थे।