नई दिल्ली: भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त कार्रवाई कर गुजरात के पोरबंदर तट के पास एक पाकिस्तानी जहाज को पकड़ा है। जहाज पर 8 लोग सवार थे साथ में 1500 करोड़ रुपये की हेरोइन भी बरामद की गई है। जहाज पर सवार लोगों के पास से तीन सेटेलाइट फोन मिले हैं।
जहाज से पकड़े गए लोगों को पूछताछ के लिए पोरबंदर लाया जा रहा था। दो दिन पहले ही नौसेना को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान से संदिग्ध जहाज गुजरात के पास भारतीय जल सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। उसी सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई है।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि इस जहाज का इस्तेमाल तस्करी के लिए होने का संदेह है।
इन लोगों के आतंकी गतिविधियों में संलिप्त होने के बारे में छानबीन की जानी बाकी है।
इस साल की शुरुआत में एक संदिग्ध पाकिस्तानी जहाज को जब तटरक्षक बल और नौसेना ने इसी तरह घेरा था तो जहाज पर सवार संदिग्ध आतंकियों ने उसे विस्फोट कर उड़ा दिया था। पिछली बार और इस बार में अंतर यही है कि नौसेना और तटरक्षक बल के जहाजों को देखते ही इस बार जहाज पर सवार लोगों ने समर्पण कर दिया।