1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. "अब आप CM हैं, फ़िल्मों की तरह ज़ोरदार डायलॉग न बोलें", उदयनिधि ने सीएम विजय पर कसा तंज

"अब आप CM हैं, फ़िल्मों की तरह ज़ोरदार डायलॉग न बोलें", उदयनिधि ने सीएम विजय पर कसा तंज

 Written By: Kajal Kumari
 Published : Aug 21, 2026 01:50 pm IST,  Updated : Aug 21, 2026 01:50 pm IST

तमिलनाडु के सीएम थलापति विजय के बयान पर उदयनिधि स्टालिन ने तंज कसा है। उन्होंने कहा, अब आप मुख्यमंत्री हैं, अब आप फिल्मों की तरह जोरदार डायलॉग मत बोलिये। जानें क्या बोला?

सीएम विजय पर उदयनिथि का तंज- India TV Hindi
सीएम विजय पर उदयनिथि का तंज Image Source : PTI

तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को चुनौती दी कि वे पिछली DMK सरकार से जुड़ी कथित भ्रष्टाचार की फाइलों को सार्वजनिक करें और अगर गड़बड़ी के सबूत मिलते हैं, तो कार्रवाई करें। विधानसभा में एक बहस के दौरान बोलते हुए, उदयनिधि ने विजय की उस टिप्पणी का जवाब दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि वे "सही समय पर पिछली DMK सरकार के समय की भ्रष्टाचार की फाइलें" सामने लाएंगे। बहस के दौरान, उदयनिधि ने विजय के रवैये की आलोचना की और कहा कि विधानसभा फ़िल्मी डायलॉगबाज़ी की जगह नहीं है। उन्होंने विजय से कहा, "विधानसभा में फ़िल्मों की तरह ज़ोरदार डायलॉग न बोलें।"

तुरंत खोलें फाइल, आरोप साबित करें

उदयनिधि ने नतीजों को सार्वजनिक करने में हुई देरी पर सवाल उठाए और कहा कि सरकार के पास अपने आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं। उदयनिधि ने आगे कहा, "मैं उनसे अपील करता हूं कि वे तुरंत फ़ाइलें खोलें और अगर भ्रष्टाचार के ठोस सबूत हैं तो कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री फ़ाइलें जारी करने में क्यों हिचकिचा रहे हैं? क्या वह तारीख तय करने के लिए अपने ज्योतिषी का इंतज़ार कर रहे हैं?"
हालांकि विजय ने सदन में उदयनिधि की बातों का सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री ने सरकार का बचाव किया। मंत्री ने दोहराया कि विजय पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध हैं और कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी फ़ाइलों को "सही समय" पर सार्वजनिक करेंगे। 

सीएम विजय ने क्या कहा था
यह घटनाक्रम बुधवार को विजय के उस बयान के बाद हुआ है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके पास तीन सरकारी विभागों में कथित भ्रष्टाचार की जानकारी वाली फाइलें हैं। उन्होंने DMK के पूर्व मंत्रियों और विधायकों को चेतावनी दी कि वे उन्हें ये फाइलें "खोलने" के लिए मजबूर न करें। विजय ने कहा कि वह "सही समय" पर इन जानकारियों को सार्वजनिक करेंगे।
इस घटनाक्रम के बाद DMK और TVK विधायकों के बीच तीखी बहस हुई; सदस्यों ने नारे लगाए और सदन की कार्यवाही फिर से शुरू होने से पहले कुछ देर के लिए कामकाज में बाधा डाली। इससे पहले, 7 अगस्त को तमिलनाडु विधानसभा में भ्रष्टाचार के आरोपों, वित्तीय प्रबंधन और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के मुद्दों पर सत्ताधारी TVK और विपक्षी DMK के सदस्यों के बीच तीखी बहस हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत