1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. टैक्स हैवन में नामचीनों ने छुपायी बेशुमार दौलत, 500 भारतीय भी शामिल

टैक्स हैवन में नामचीनों ने छुपायी बेशुमार दौलत, 500 भारतीय भी शामिल

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 04, 2016 11:21 am IST,  Updated : Apr 04, 2016 03:41 pm IST

एक करोड़ से अधिक कर दस्तावेजों की भारी लीक ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगियों, वैश्विक नेताओं और बार्सिलोना के खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी समेत कई सितारों की गुप्त सौदेबाजी का पर्दाफाश कर दिया है।

putin- India TV Hindi
putin

नई दिल्ली: एक करोड़ से अधिक कर दस्तावेजों की भारी लीक ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सहयोगियों, वैश्विक नेताओं और बार्सिलोना के खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी समेत कई सितारों की गुप्त सौदेबाजी का पर्दाफाश कर दिया है। इन दस्तावेजों की जांच 100 से भी ज्यादा मीडिया समूहों ने की है और इसे इतिहास की ऐसी सबसे बड़ी जांचों में से एक करार दिया है। इस जांच में लगभग 140 राजनीतिक हस्तियों की संपत्ति से जुड़ी गुप्त सौदेबाजी को उजागर किया गया।

इन राजनीतिक हस्तियों में 12 मौजूदा या पूर्व राष्ट्र प्रमुख शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में ये रिकॉर्ड जर्मन अखबार सुडूशे जीतुंग ने एक अज्ञात सूत्र से प्राप्त किए हैं और इसे अंतरराष्ट्रीय खोजी पत्रकार संघ :आईसीआईजे: के जरिए दुनिया भर के मीडिया के साथ साझा कर दिया। आईसीआईजे ने कहा कि इस जांच के तहत विदेशों में स्थित 2.14 लाख प्रतिष्ठानों से 1.15 करोड़ दस्तावेज प्राप्त किए गए।

लीक हुए दस्तावेज पनामा की विधि फर्म मोजैक फोंसेका से आए। इस फर्म के 35 से भी अधिक देशों में दफ्तर हैं। जिन लोगों के नाम दस्तावेजों की इस भारी लीक में सामने आए हैं, उनपर इसका गंभीर राजनीतिक असर पड़ सकता है। आईसीआईजे की जांच में जिन लोगों के बारे में मुख्य दावे किए गए हैं, उनमें पुतिन के करीबी सहयोगी शामिल हैं। इन्होंने बैंकों और छद्म कंपनियों के जरिए दो अरब डॉलर का गुप्त घालमेल किया।

टैक्स हैवन में दौलत छुपाने वालों की सूची में नेता, अभिनेता, खिलाड़ी, व्यापार से जुड़ी कई नामचीन हस्तियों के नाम हैं। इसमें कई बड़े नाम हैं। उनमें पाकिस्तान के वर्तमान पीएम नवाज शरीफ, पाक के पूर्व पीएम बेनजीर भुट्टो, चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग, रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन, मिश्र के पूर्व राष्ट्रपति होस्नी मुबारक, सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल असद हैं। इसके लपेटे में 70 से ज्यादा वर्तमान या पूर्व राष्ट्राध्यक्ष और तानाशाह आ गए हैं।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार टैक्स हैवन में दौलत छुपाने वालों में 500 से ज्यादा भारतीय हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत