अहमदाबाद: आरक्षण को लेकर आंदोलन तेज करते हुए, गुजरात के पटेल समुदाय के नेताओं ने आज अपने सदस्यों से अपील की कि वे राज्य भर के बैंकों में जमा अपना धन निकाल लें। पटेल समुदाय के लोग इसे आर्थिक असहयोग आंदोलन का नाम दे रहे हैं।
गुजरात में पटेल समुदाय के लिए ओबीसी कोटा के तहत आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू करने वाले सरदार पटेल ग्रुप का यह संदेश अमेरिका में रहने वाले पाटीदार या पटेल समुदाय के लोगों द्वारा मुद्दे पर कड़ा संदेश देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी यात्रा का बहिष्कार किए जाने की घोषणा के एक दिन बाद आया है।
सरदार पटेल ग्रुप (एसपीजी) के प्रवक्ता वरूण पटेल ने कहा, हमने पटेल समुदाय से बैंकों में जमा अपनी राशि निकालने की अपील की है, क्योंकि राज्य सरकार आरक्षण को लेकर हमारी मांग पर कान बंद किए हुए है। उन्होंने कहा, हमारी जानकारी के मुताबिक, हमारे समुदाय के लोगों के 70 लाख बैंक खाते हैं और सभी में कम से कम 50,000 रूपए हैं, इसका मतलब है कि हमारे समुदाय के पास 350 करोड़ रूपए (बैंक में जमा) हैं।
वरूण पटेल को विश्वास है कि उनके समुदाय के लोग इस अपील को सुनेंगे और दावा किया कि कुछ लोगों ने तो बैंकों से धन निकालना शुरू भी कर दिया है। यह पूछने पर कि बैंकों से धन निकालने के बाद उसे कहां रखेंगे, वरूण ने कहा, पटेलों के पास पहले भी धन था और वे उसे बैंकों में नहीं रखते थे। पटेल अपना पैसा अपने पास रख सकते हैं।