पठानकोट: भारतीय वायुसेना (IAF) के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार शाम कहा कि वायुसेना अड्डे में घुसे आतंकवादियों के खिलाफ अभियान अभी भी जारी है। शनिवार को 4 आतंकवादियों के मार गिराए जाने के बाद भी दो अन्य आतंकवादी हवाईअड्डे के अंदर अभी भी छुपे है। आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के एक अधिकारी सहित कुल सात सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए।
पठानकोट वायुसेना अड्डे के कमान अधिकारी, एयर कमोडोर जे.एस. धमून ने मीडिया से कहा, "अभियान अभी भी जारी है। मुठभेड़ अभी भी जारी है। घुसपैठियों, आतंकवादियों से वायुसेना अड्डे को पूरी तरह मुक्त किए जाने तक अभियान जारी रहेगा।"
धमून ने कहा, "आज सुबह दो आतंकवादियों से मुठभेड़ चल रही थी। यह अभियान अंतिम चरण में है।" भारतीय वायुसेना के अड्डे में रविवार को भी विस्फोट हुआ, जिसमें एनएसजी के एक अधिकारी शहीद हो गए। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल निरंजन की शहादत के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि पठानकोट में तलाशी अभियान के दौरान निरंजन की जान चली गई।
राजनाथ ने मौत की वजहों का विवरण नहीं दिया है। लेकिन, आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि हवाई अड्डे पर किसी चीज को उठाने के दौरान उसमें विस्फोट हो गया और निरंजन की मौत हो गई।
पठानकोट के वायुसेना अड्डे पर शनिवार को हुए आतंकी हमले में चार आतंकवादियों को मार गिराया गया था। तड़के हुए इस हमले में तीन वायुसैनिक शहीद हुए थे। डिफेंस सिक्योरिटी कार्प्स (डीएससी) से संबद्ध तीन अन्य घायल वायुसैनिकों की रविवार को मौत हो गई।