नई दिल्ली: विदेश मामलों पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहकार सरताज अजीज ने संकेत दिया कि पठानकोट आतंकवादी हमले की आगे की जांच के लिए उनका देश NIA की टीम के दौरे संबंधी भारत की अपील पर विचार कर सकता है। एक दिन पहले ही एक शीर्ष पाकिस्तानी दूत ने इससे इंकार किया था।
अजीज ने कहा कि भारत में पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित की टिप्पणी कि द्विपक्षीय शांति प्रक्रिया निलंबित है, इसका यह मतलब नहीं है कि रद्द हो गयी है या हार मान ली गयी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत पाक वार्ता जल्द बहाल होगी। वहीं गृहराज्य मंत्री किरण रिजिजू ने भी उम्मीद जताई कि पाकिस्तान पठानकोट हमले की जांच के लिए NIA की टीम को भारत आने देगी।
देखें: आर्मी के ट्रक पर कश्मीरियों ने बरसाए पत्थर, वायरल हुआ वीडियो
पठानकोट आतंकवादी हमले की जांच के संबंध में भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम को पाकिस्तान यात्रा की अनुमति दिए जाने के सवाल पर अजीज ने सीएनएन न्यूज 18 को एक साक्षात्कार में बताया कि एक बार जब वहां तक पहुंच जाएंगे, तब भारत अपील करता है तो हम देखेंगे। उन्होंने दावा किया कि बासित की यह टिप्पणी कि सहयोग का मतलब आपसी आदान प्रदान नहीं है। इसे जरूरत से अधिक व्याख्या की गयी है। उन्होंने कहा कि बासित ने एनआईए की पाकिस्तान यात्रा के विकल्प को बाहर नहीं रखा था।
अजीज ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि उन्होंने इस शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इस समय आदान प्रदान से अधिक महत्वपूर्ण सहयोग है और उन्होंने विकल्प को बाहर नहीं रखा तथा उन्होंने कहा कि आइए सहयोग करें और उसके बाद चीजें काम करेंगी। इसलिए मैं नहीं समझता कि किसी को बयान की जरूरत से अधिक व्याख्या करनी चाहिए। बासित ने केवल इतना कहा कि सहयोग अधिक महत्वपूर्ण है जो कि सच्चाई है।