नई दिल्ली: तेल कंपनियों ने आम उपभोक्ताओं को एक बार फिर झटका दिया है। रविवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतें 36 पैसे और डीजल 87 पैसे प्रति लीटर बढ़ाने की घोषणा की है। पेट्रोल और डीजल की नई दरें रात 12 बजे से लागू होंगी। गौरतलब है कि सरकार ने इसी महीने पेट्रोल पर 1.60 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 40 पैसा प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई है। पिछले एक साल में सरकार ने पांचवीं बार पेट्रोल-डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में वृद्धि की है।

क्यों बढ़ी दरें
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखा जाए तो कच्चे तेल की कीमत लगातार नीचे जा रही हैं। कच्चे तेल में नरमी के चलते पिछले महीने हुई समीक्षा के बाद पेट्रोल की दरों में 50 फीसदी की कटौती की गई थी। पिछले हफ्ते प्रति बैरल तेल की कीमत 40 डॉलर के करीब आ गई थीं। इससे कटौती की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन रुपए में कमजोरी और एक्साइज ड्यूटी का बोझ बढ़ने के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी हुई है।
एक महीने बाद बदले डीजल के दाम
तेल कंपनियां हर 15 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इससे पहले 31 अक्टूबर को हुई समीक्षा बैठक में तेल कंपनियों ने पेट्रोल की दरों में 50 फीसदी की कटौती की थी। जबकि डीजल के दाम में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले 15 अक्टूबर को हुई समीक्षा बैठक में तेल कंपनियों ने डीजल के दाम 95 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए थे, जबकि पेट्रोल की कीमतों को स्थिर रखा था।