1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नए साल पर PM मोदी ने लिखी कविता- ‘अभी तो सूरज उगा है’, यहां सुनिए

नए साल पर PM मोदी ने लिखी कविता- ‘अभी तो सूरज उगा है’, यहां सुनिए

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 01, 2021 08:37 pm IST,  Updated : Jan 01, 2021 08:37 pm IST

ज्ञात हो कि कोविड-19 महामारी की वजह से पिछले साल लोगों को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने अपने प्रिय जनों को खोया तो कई लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

नए साल पर PM मोदी ने लिखी कविता- ‘अभी तो सूरज उगा है’, यहां सुनिए- India TV Hindi
नए साल पर PM मोदी ने लिखी कविता- ‘अभी तो सूरज उगा है’, यहां सुनिए Image Source : PTI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोविड-19 महामारी से प्रभावित साल 2020 की विदाई और नये साल के आगमन पर देशावासियों को शुभकामनाएं दीं और साथ ही एक कविता भी साझा की, जिसके माध्यम से उन्होंने अंधेरों और मुश्किलों को पीछे छोड़ कर नये संकल्पों व नयी उम्मीदों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। 

देशवासियों को समर्पित इस कविता का शीषक है ‘‘अभी तो सूरज उगा है’’। ज्ञात हो कि कोविड-19 महामारी की वजह से पिछले साल लोगों को बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने अपने प्रिय जनों को खोया तो कई लोगों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। 

प्रधानमंत्री ने अपनी कविता के माध्यम से लोगों को प्रोत्साहित करने की कोशिश की और देशवासियों को नई ऊर्जा और नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री की यह कविता नागरिकों को सरकार से जुड़ने और सुशासन के लिए योगदान देने का अवसर प्रदान करने वाले डिजिटल मंच ‘‘माई गॉव’’ की ओर से ट्वीटर पर साझा की गयी। 

कविता का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट में कहा गया, ‘‘नये साल के पहले दिन की शुरुआत हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिखित तथा मंत्रमुग्ध व प्रोत्साहित कर देने वाले गीत ‘अभी तो सूरज उगा है’ से करते हैं।’’ इससे पहले, पीएम मोदी ने नये वर्ष के आगमन पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुख, समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की। 

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आप सभी को वर्ष 2021 की बधाई। यह साल आपके जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उम्मीद और कल्याण की भावना प्रबल हो।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत