1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी का अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में भाषण, विशेष डाक टिकट जारी किया

पीएम मोदी का अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में भाषण, विशेष डाक टिकट जारी किया

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 22, 2020 09:36 am IST,  Updated : Dec 22, 2020 11:10 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

पीएम मोदी का अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में भाषण, शताब्दी समारोह में होंगे शामिल- India TV Hindi
पीएम मोदी का अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में भाषण, शताब्दी समारोह में होंगे शामिल Image Source : INDIA TV

अलीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलीगढ़ मुस्लिम विश्‍वविद्यालय (एएमयू) के शताब्‍दी समारोह में मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आज ऑनलाइन आयोजित होनेवाले इस कार्यक्रम को पीएम मोदी संबोधित करनेवाले हैं। पिछले पांच दशक में यह पहली बार है जब कोई प्रधानमंत्री एएमयू के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी इस आयोजन में ऑनलाइन भाग लेंगे।

एएमयू के आधिकारिक बयान के अनुसार इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए प्रधानमंत्री एक विशेष डाक टिकट भी जारी करेंगे। एएमयू के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने मोदी के प्रति आभार जताया और कहा कि शताब्‍दी समारोह में शामिल होने की उनकी स्‍वीकृति के लिए विश्‍वविद्यालय परिवार कृतज्ञ है। 

आपको बता दें कि इससे पहले साल 1964 में तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने एएमयू के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया था। पीएम मोदी के संबोधन के मद्देनजर एएमयू प्रशासन ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। 

पढ़ें: पीएम नरेंद्र मोदी को मिला अमेरिका का 'लीजन ऑफ मेरिट' अवॉर्ड, राष्ट्रपति ट्रम्प ने किया सम्मानित


जानकारी मुताबिक सुबह 10 बजे कुरान ख्वानी के साथ इस कार्यक्रम की शुरुआत होगी। जिसके बाद कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर औपचारिक परिचय कराएंगे। इस परिचय के बाद सर सैयद एकेडमी के निदेशक अली मोहम्मद नकवी विश्वविद्यालय की 100 साल की उपलब्धियों को सामने रखेंगे।

एएमयू वीमेंस कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर नईमा खातून महिलाओं की शिक्षा में एएमयू का योगदान विषय पर अपना संबोधन देंगी। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के चांसलर सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन अपने विचार रखेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी समारोह को संबोधित करेंगे और निशंक के संबोधन के बाद प्रधानमंत्री मोदी एएमयू के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक डाक टिकट जारी करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत