1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. PM मोदी आज करेंगे मेक इन इंडिया सप्ताह का उद्घाटन

PM मोदी आज करेंगे मेक इन इंडिया सप्ताह का उद्घाटन

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 13, 2016 07:54 am IST,  Updated : Feb 13, 2016 07:54 am IST

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यहां मेक इन इंडिया सप्ताह का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन देश को अपनी विनिर्माण ताकत प्रदर्शित करने का एक बड़ा अवसर उपलब्ध कराएगा जहां घरेलू और वैश्विक निवेशकों से अरबों डालर का निवेश आकर्षित होने की संभावना है।

make in india- India TV Hindi
make in india

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यहां मेक इन इंडिया सप्ताह का उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन देश को अपनी विनिर्माण ताकत प्रदर्शित करने का एक बड़ा अवसर उपलब्ध कराएगा जहां घरेलू और वैश्विक निवेशकों से अरबों डालर का निवेश आकर्षित होने की संभावना है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस औद्योगिक आयोजन में 2,500 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और 8,000 घरेलू कंपनियां हिस्सा लेंगी। इसमें 68 देशों से विदेशी सरकारी प्रतिनिधिमंडल और 72 देशों से कारोबारी प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे।

इस आयोजन में विदेशी सरकारों व प्रांतों के प्रमुख भी हिस्सा लेंगे जिनमें स्वीडन, फिनलैंड के प्रधानमंत्री और पोलैंड के उप प्रधानमंत्री शामिल हैं। डीआईपीपी सचिव अमिताभ कांत ने यहां एक मीडिया प्रिव्यू के दौरान संवाददाताओं को बताया, हम लंबे समय से सेवा आधारित अर्थव्यवस्था के तौर पर जाने जाते रहे हैं क्योंकि जीडीपी में इस क्षेत्र का योगदान 60 प्रतिशत से अधिक है। लेकिन यह आयोजन दुनिया के सामने हमारी विनिर्माण ताकत को प्रदर्शित करेगा। सरकार ने 13 से 18 फरवरी तक चलने वाले इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है और इसके लिए 80 करोड़ रपये का बजट रखा गया है।

प्रधानमंत्री मोदी मध्य मुंबई में वर्ली स्थित एनएससीआई आडिटोरियम में मेक इन इंडिया सप्ताह का उद्घाटन करेंगे जहां रतन टाटा, साइरस मिस्त्री, मुकेश अंबानी, अजय पीरामल, कुमार मंगलम बिड़ला, आनन्द महिन्द्रा और गौतम अडाणी जैसे दिग्गज उद्योगपतियों के साथ उनकी बातचीत होने की संभावना है। इस कार्यक्रम में 17 राज्य भागीदारी करेंगे जिनमें ज्यादातर भाजपा शासन वाले राज्य होंगे। यहां 52 संगोष्ठियों का आयोजन होगा जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, ओडि़शा और पंजाब को लेकर राज्य केन्दि्रत सत्रों का आयोजन किया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत