1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 65 वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वितरण समारोह, करीब 60 विजेता करेंगे समारोह का बहिष्कार, ये है वजह

65 वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वितरण समारोह, करीब 60 विजेता करेंगे समारोह का बहिष्कार, ये है वजह

 Reported By: Bhasha
 Published : May 03, 2018 02:38 pm IST,  Updated : May 03, 2018 03:34 pm IST

राष्ट्रपति भवन की ओर से यह बयान ऐसे समय में जारी किया गया है जब पुरस्कार के लिए चुने गए करीब 60 लोगों ने समारोह में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय किया क्योंकि राष्ट्रपति केवल 11 लोगों को ही पुरस्कार प्रदान करेंगे...

National Film Award- India TV Hindi
National Film Award Image Source : INSTAGRAM

नई दिल्ली: राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले कुछ कलाकारों की ओर से अंतिम समय में विरोध दर्ज कराने की घटना की पृष्ठभूमि में राष्ट्रपति भवन ने आज स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सभी पुरस्कार कार्यक्रमों में अधिकतम एक घंटे रूकते हैं और इस बारे में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को अवगत करा दिया गया था।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार आज शाम प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रपति भवन की ओर से यह बयान ऐसे समय में जारी किया गया है जब पुरस्कार के लिए चुने गए करीब 60 लोगों ने समारोह में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय किया क्योंकि राष्ट्रपति केवल 11 लोगों को ही पुरस्कार प्रदान करेंगे।

राष्ट्रपति के प्रेस सचिव अशोक मलिक ने कहा कि राष्ट्रपति सभी पुरस्कार कार्यक्रमों और दीक्षांत समरोहों में अधिकतम एक घंटे रूकते हैं। यह प्रोटोकाल उनके पदभार ग्रहण करने के समय से ही चला आ रहा है। इस बारे में सूचना और प्रसारण मंत्रालय को कई सप्ताह पहले ही अवगत करा दिया गया था और मंत्रालय को इसकी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में इस तरह से सवाल उठाने से राष्ट्रपति भवन आश्चर्यचकित है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त करने वाले 60 से अधिक कलाकारों ने आज कहा कि वे आज शाम आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल नहीं होंगे क्योंकि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद केवल 11 लोगों को पुरस्कार देंगे।

देशभर के कलाकारों ने फिल्म महोत्सव निदेशालय, भारत के राष्ट्रपति कार्यालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जताई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत