नई दिल्ली| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर राज्य में विकास के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों के लिए उनकी प्रशंसा की। मोदी की यह प्रशंसा बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को राज्य में लागू नहीं करने का प्रस्ताव पारित करने के कुछ ही दिनों बाद आई है।
Related Stories
बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र की पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा 2010 में लाए गए मानकों पर ही लागू करने का प्रस्ताव भी पारित किया।
बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने की उपलब्धि से सिर्फ कुछ महीने दूर कुमार रविवार को 69 साल के हो गए। नीतीश कुमार को मेरे दोस्त बुलाते हुए मोदी ने कहा कि वे जमीनी स्तर से आए एक लोकप्रिय नेता हैं। कुमार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) के अध्यक्ष हैं।
पीएम मोदी ने ट्वीट किया, "बिहार के मुख्यमंत्री और मेरे दोस्त श्री नीतीश कुमार जी को शुभकामनाएं। जमीनी स्तर से उठे एक लोकप्रिय नेता बिहार के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं। सामाजिक सशक्तिकरण के लिए उनका जुनून उल्लेखनीय है। उनके दीर्घ तथा स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।" नीतीश कुमार ने उनकी शुभकामनाओं के लिए आभार जताया है।