नई दिल्ली: खुद को देवी का अवतार बताने वाली राधे मां खुद कानून के शिकंजे में फंसती नजर आ रही हैं। मुंबई पुलिस ने राधे मां के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।
सूत्रों के मुताबिक राधे मां विदेश भागने की तैयारी में है, इसे देखते हुए ही ये नोटिस जारी किया गया है। महिला उत्पीड़न को लेकर पुलिस में दर्ज केस को लेकर राधे मां चर्चा में हैं।
एक महिला की शिकायत पर राधे मां पर जल्द कार्रवाई हो सकती है। उन्हें पुलिस कभी भी पूछताछ के लिए थाने बुला सकती है, उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
पीड़िता की शादी साल 2012 में नकुल गुप्ता नाम के शख्स से हुई। नकुल गुप्ता और उनका पूरा परिवार राधे मां के बहुत बड़े भक्त हैं। पीड़िता का आरोप है कि राधे मां ने उसकी शादी में आने के लिए हेलीकॉप्टर और लग्जरी गाड़ी समेत कई मांग रखी थी, जिसे पूरा नहीं किए जाने से वो उसकी शादी के समय से ही नाराज थी।
पढ़ें: कौन हैं राधे मां जो हैं फिर विवादों में ?
पीड़िता के मुताबिक राधे मां के इशारे पर उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। इतना ही नहीं राधे मां उसकी बुरी तरह पिटाई करती थी लेकिन ससुरालवाले साथ देने की जगह इसे राधे मां का आशीर्वाद समझकर चुपचाप सहन करने की नसीहत देते थे।
आखिरकार पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली और अदालती आदेश के बाद 16 जुलाई को कांदिवली पुलिसथाने में राधे मां समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 498(A) और 420 के तहत एफआईआर की गई।
लेकिन पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के दो हफ्ते बाद भी पुलिस ने अब तक राधे मां या किसी भी आरोपी को बुलाकर उससे पूछताछ नहीं की है।
वहीं मुंबई की वकील फाल्गुनी ने राधे मां के खिलाफ लिखित में बोरिवली थाने में शिकायत दी है। इसका आरोप है कि राधे मां ठगी करती हैं।