Tuesday, February 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सोनिया, मनमोहन और राहुल ने प्रणब मुखर्जी के निधन पर दुख जताया

सोनिया, मनमोहन और राहुल ने प्रणब मुखर्जी के निधन पर दुख जताया

Edited by: IndiaTV Hindi Desk
Published : Aug 31, 2020 10:50 pm IST, Updated : Aug 31, 2020 10:50 pm IST

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को प्रणब मुखर्जी के निधन पर दुख प्रकट किया तथा देश के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया।

Sonia, Manmohan,Rahul condoles Pranab Mukherjee's death- India TV Hindi
Sonia, Manmohan,Rahul condoles Pranab Mukherjee's death

नयी दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को प्रणब मुखर्जी के निधन पर दुख प्रकट किया तथा देश के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया। मनमोहन सिंह ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति मुखर्जी के तौर पर देश ने स्वतंत्र भारत के एक महान नेता को खो दिया है। सिंह ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘ पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। हमारे देश ने स्वतंत्र भारत के एक महान नेता को खो दिया है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘हम दोनों ने भारत सरकार में बहुत नजदीक के साथ काम किया। मैं उनके विवेक, व्यापक ज्ञान और सार्वजनिक जीवन के उनके अनुभव पर निर्भर करता था। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुखर्जी के निधन पर दुख जताते हुए सार्वजनिक जीवन में रहते हुए किए गए उनके योगदान को याद किया। मुखर्जी की पुत्री शर्मिष्ठा को भेजे शोक संदेश में सोनिया ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना भी प्रकट की।

उन्होंने कहा, ‘‘ प्रणब दा पांच दशकों से अधिक समय तक सार्वजनिक जीवन, कांग्रेस पार्टी और केंद्र सरकार का अभिन्न हिस्सा रहे। उन्होंने हर पद पर आसीन होने के साथ उसे सुशोभित करने का काम किया और अपने साथियों के साथ उनकी वास्तव में घनिष्टता थी। उनका पिछले 50 वर्षों से अधिक का जीवन भारत के 50 वर्षों के इतिहास को प्रतिबिंबित करता है।’’ सोनिया ने कहा कि मुखर्जी ने कैबिनेट मंत्री, सांसद और राष्ट्रपति के तौर पर देश के लिए कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके साथ काम करने को लेकर मेरी निजी तौर पर बहुत सारी सुखद यादें हैं। कांग्रेस पार्टी उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करती है और उनकी स्मृति का सदैव सम्मान करेगी।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जी के दुखद निधन की खबर मिली। देश बहुत दुखी है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने में खुद को देश के साथ जोड़ता हूं। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।’’ 

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने मुखर्जी के निधन पर दुख जताते हुए कहा, ‘‘पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी जी का निधन पूरे देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। प्रणब दा पूरे कांग्रेस परिवार का मार्गदर्शन करने वाले अभिभावक एवं एक कुशल राजनेता थे। विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर इस दुख की घड़ी में उनके परिजन को दुख सहने का साहस दें।’’ 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने मुखर्जी के निधन पर दुख जताया और कहा, ‘‘मुखर्जी एक महान राजनेता थे और उनके जाने से देश को बहुत बड़ी क्षति हुई है। उन्हें अर्थव्यवस्था से लेकर आम आदमी से जुड़े मुद्दों की गहरी समझ थी। उनके योगदान के लिए देश उनका सदैव ऋणी रहेगा।’’ कांग्रेस के पूर्व संगठन महासचिव जनार्दन द्विद्वेदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस की परंपरा में इस समय प्रणब जी अकेले व्यक्ति थे जिनके साथ इतिहास, संस्कृति एवं राजनीति के व्यापक पक्षों पर लंबा संवाद हो सकता था। यह अपूर्णीय क्षति है।’’ 

लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी मुखर्जी के निधन पर दुख जताया तथा पार्टी एवं देश के लिए किए गए उनके योगदान को याद किया। उधर, कांग्रेस के डिजिटजल संवाददाता सम्मेलन में भी सोमवार को कुछ पल मौन रखकर मुखर्जी को श्रद्धांजलि दी गई। 

कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि पार्टी ने मुखर्जी के निधन के कारण बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को होने वाली डिजिटल रैली को टाल दिया है। प्रणब मुखर्जी का सोमवार को यहां एक सैन्य अस्पताल में निधन हो गया । यह जानकारी उनके पुत्र अभिजीत ने दी। मुखर्जी 84 वर्ष के थे। मुखर्जी को गत 10 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement