1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे राहुल गांधी, बोले- अगर खेत बेचने पर मजबूर करोगे, तो ट्रैक्टर संसद में चलेगा

ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे राहुल गांधी, बोले- अगर खेत बेचने पर मजबूर करोगे, तो ट्रैक्टर संसद में चलेगा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 26, 2021 10:56 am IST,  Updated : Jul 26, 2021 12:18 pm IST

किसान कानूनों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रैक्टर मार्च निकाला। राहुल गांधी ने खुद ट्रैक्टर चलाया और ट्रैक्टर लेकर संसद भवन पहुंचे।

नई दिल्ली। किसान कानूनों के विरोध में सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रैक्टर मार्च निकाला। राहुल गांधी ने खुद ट्रैक्टर चलाया और ट्रैक्टर लेकर संसद भवन पहुंचे। राहुल गांधी के साथ ट्रैक्टर पर पंजाब कांग्रेस के कई नेता भी बैठे हुए थे। राहुल गांधी जिस ट्रैक्टर को चला रहे थे उसके ऊपर पोस्टर लगा हुआ था और पोस्टर पर लिखा हुआ था, "किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानून वापिस लो-वापिस लो।"

इस दौरान राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हम किसानों के संदेश को संसद तक लाए हैं, संसद में इसको लेकर चर्चा नहीं करने दे रहे हैं, किसानों को दबाया जा रहा है, इसलिए हम ट्रैक्टर पर आए हैं, काले कानून हैं इनको वापस लेना पड़ेगा, यह किसानों का मैसेज है, इसीलिए मैं इसको (ट्रैक्टर) को यहां लेकर आया हूं, 

कानून किसानों के फायदे के लिए नहीं है यह 2-3 बड़े उद्योगपतियों के लिए कानून लेकर आए हैं।"

राहुल गांधी के ट्रैक्टर को संसद भवन के बाहर एनेक्सी गेट पर रोक दिया गया। ट्रैक्टर लेकर राहुल गांधी संसद भवन जाना चाह रहे हैं लेकिन उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। जिसके बाद राहुल गांधी ट्रैक्टर से उतरकर संसद भवन की तरफ चले गए। ट्रैक्टर के ऊपर राहुल गांधी के साथ हरियाणा कांग्रेस नेता दीपेंदर सिंह हुड्डा, पंजाब कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद थे। 

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ने ये भी कहा, "सरकार के मुताबिक किसानों के खिलाफ कुछ नहीं हुआ, किसान बिलकुल खुश हैं, वो जो बाहर बैठे हैं वो आतंकवादी हैं, मगर जो हकीकत है वह यह है कि जो किसानों का है वो उनसे छीना जा रहा है और 2-3 उद्योगपतियों के हाथ दिया जा रहा है।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत